बैठक की अध्यक्षता एवं मार्गदर्शन में सिटी कोतवाली क्षेत्र की सीएसपी योगिता बाली खापर्डे मौजूद रहीं। इस अवसर पर तहसीलदार आर. के. मरावी एवं नायब तहसीलदार श्रीजल साहू भी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान अधिकारियों ने होली पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, आपसी सौहार्द बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से बचने को लेकर विस्तृत चर्चा की। उपस्थित नागरिकों और जनप्रतिनिधियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा गया कि होली भाईचारे, प्रेम और सामाजिक समरसता का पर्व है, इसलिए इसे पूरी जिम्मेदारी और समझदारी के साथ मनाया जाना चाहिए।
पुलिस प्रशासन द्वारा होली के दौरान निम्न महत्वपूर्ण दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई—
केवल हर्बल एवं सुरक्षित रंगों का उपयोग करें, जिससे किसी की त्वचा या स्वास्थ्य को नुकसान न पहुंचे।
होलिका दहन सुरक्षित स्थान पर करें तथा बिजली के खंभों और तारों से दूर रखें।
एक-दूसरे की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करें और किसी को भी जबरन रंग न लगाएं।
होली के दौरान किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थों का सेवन न करें।
पानी से भरे गुब्बारों का प्रयोग न करें, जिससे लोगों को चोट या परेशानी हो सकती है।
ग्रीस, केमिकल या कांच युक्त रंगों के प्रयोग से बचें, क्योंकि इससे गंभीर त्वचा रोग हो सकते हैं।
जानवरों पर रंग न डालें और उनके साथ किसी प्रकार की क्रूरता न करें।
अश्लील शब्दों, आपत्तिजनक व्यवहार और हुड़दंग से पूरी तरह बचें।
दो पहिया वाहनों पर ट्रिपल राइडिंग न करें तथा यातायात नियमों का पालन करें।
मुखौटों का प्रयोग न करें, क्योंकि इससे अपराध की संभावना बढ़ सकती है।
ज्वलनशील पदार्थों का उपयोग न करें और आगजनी जैसी घटनाओं से बचें।
वाहनों और सार्वजनिक स्थलों पर तेज आवाज में म्यूजिक न चलाएं तथा तेज आवाज वाले साइलेंसर का प्रयोग न करें।
नदी, तालाब, बांध अथवा नहर में नशे की हालत में नहाने न जाएं।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की शांति भंग करने वाली गतिविधि पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही कहा गया कि किसी भी अप्रिय घटना, दुर्घटना अथवा आपात स्थिति में तुरंत थाना सिटी कोतवाली अथवा डायल 112 पर सूचना दें।
बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया तथा अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को जागरूक करने की जिम्मेदारी लेने की बात कही।
पुलिस प्रशासन का उद्देश्य है कि जांजगीर में होली पर्व शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया जाए, ताकि सभी नागरिक बिना किसी भय के त्योहार की खुशियां मना सकें।