इन बैठकों में जनप्रतिनिधि, राजस्व विभाग के अधिकारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक तथा विभिन्न होली दहन समितियों के सदस्य उपस्थित रहे। सभी से आपसी समन्वय एवं सहयोग के साथ पर्व मनाने की अपील की गई तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश साझा किए गए।
बैठक में सबसे पहले होली दहन स्थलों के पूर्व सत्यापन पर जोर दिया गया। सभी थाना क्षेत्रों में होलिका दहन स्थलों की जांच कर सुरक्षा की दृष्टि से आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। विद्युत तारों, ज्वलनशील पदार्थों और भीड़-भाड़ वाले स्थानों से पर्याप्त दूरी बनाए रखने की बात कही गई, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।
अफवाहों और सोशल मीडिया पर नियंत्रण को लेकर पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी कि सोशल मीडिया पर भ्रामक, आपत्तिजनक या भड़काऊ पोस्ट प्रसारित करने वालों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। आम नागरिकों से अपील की गई कि किसी भी खबर या संदेश को बिना पुष्टि किए साझा न करें।
बैठक में असामाजिक तत्वों पर निगरानी को लेकर भी निर्देश दिए गए। जिले के गुंडा बदमाशों, निगरानी सूची में शामिल व्यक्तियों एवं असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखने और आवश्यकता पड़ने पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
होली के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और विशेष चेकिंग अभियान चलाने की जानकारी दी गई। प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की तैनाती बढ़ाई जाएगी।
डीजे एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग को लेकर उच्च न्यायालय एवं शासन के निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। निर्धारित समय-सीमा एवं साउंड लिमिट के उल्लंघन पर डीजे और ध्वनि उपकरण जब्त कर आयोजकों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। वर्तमान में संचालित बोर्ड एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए विशेष रूप से रात्रि के समय ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग में संयम बरतने की अपील की गई, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो।
महिला सुरक्षा एवं पेट्रोलिंग को प्राथमिकता देते हुए भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों, बाजारों और होली आयोजन स्थलों के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती और नियमित पेट्रोलिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में सभी समुदायों से पारंपरिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से होली मनाने, जबरन रंग न लगाने, आपसी सम्मान बनाए रखने और किसी भी प्रकार के विवाद से बचने की अपील की गई।
इस संबंध में बाइट देते हुए सूरज सिंह परिहार, पुलिस अधीक्षक, धमतरी ने कहा कि जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी तरह की अव्यवस्था, हुड़दंग या नियमों के उल्लंघन पर त्वरित और सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे जिम्मेदारी के साथ होली मनाएं और पुलिस प्रशासन को सहयोग करें।