जांजगीर-चांपा में शादी का झांसा देकर नाबालिग से दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा में एक नाबालिग बालिका से शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने वाले आरोपी को पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज होने के कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट समेत गंभीर धाराओं में कार्रवाई की गई है।

Apr 13, 2026 - 12:08
 0  37
जांजगीर-चांपा में शादी का झांसा देकर नाबालिग से दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार

UNITED NEWS OF ASIA. हितेश पाण्डेय, जांजगीर चांपा l छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले से एक गंभीर आपराधिक मामला सामने आया है, जहां शादी का झांसा देकर एक नाबालिग बालिका के साथ शारीरिक शोषण किया गया। मामले की शिकायत मिलते ही कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता के पिता ने थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनकी 16 वर्षीय नाबालिग बेटी से आरोपी ने पहले दोस्ती की और धीरे-धीरे उससे नजदीकियां बढ़ाईं। इसके बाद आरोपी ने लड़की को घूमाने के बहाने जांजगीर लाकर अपने किराए के मकान में रखा और शादी करने का झांसा दिया।

आरोप है कि जब पीड़िता ने इसका विरोध किया, तब आरोपी ने जबरन उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इतना ही नहीं, आरोपी ने पीड़िता को घटना के बारे में किसी को बताने पर धमकी भी दी और बाद में उसे घर छोड़ दिया।

कुछ समय बाद जब पीड़िता की तबीयत बिगड़ी और जांच में करीब दो माह की गर्भावस्था की जानकारी सामने आई, तब पीड़िता ने पूरी घटना अपने माता-पिता को बताई। इसके बाद परिजनों ने तत्काल थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। इस घटना की जानकारी जिले की पुलिस अधीक्षक निवेदिता पॉल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप और CSP योगिता बाली खापर्डे को दी गई, जिनके निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी के संभावित ठिकाने पर दबिश दी और उसे उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना नाम गोपाल फरिस्ता निवासी धुरकोट, जांजगीर बताया और अपराध स्वीकार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(1), 64(2)(m) तथा पोक्सो एक्ट की धारा 4 और 6 के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता, उप निरीक्षक बेलसज्जर लकड़ा, सहायक उप निरीक्षक अरुण कुमार सिंह, प्रधान आरक्षक प्रकाश राठौर और महिला आरक्षक रेखा यादव की अहम भूमिका रही।

पुलिस का कहना है कि नाबालिगों से जुड़े मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।