इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर युवती को ब्लैकमेल करने वाला आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़ में इंस्टाग्राम के जरिए युवती से दोस्ती कर छेड़खानी, धमकी और अश्लील फोटो-वीडियो भेजकर ब्लैकमेल करने वाले आरोपी को महिला थाना और साइबर टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

May 16, 2026 - 13:18
 0  0
इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर युवती को ब्लैकमेल करने वाला आरोपी गिरफ्तार

UNITED NEWS OF ASIA.  महेंद्र अग्रवाल, रायगढ़ l रायगढ़ में सोशल मीडिया के माध्यम से युवती से दोस्ती कर छेड़खानी, धमकी और अश्लील फोटो-वीडियो भेजकर ब्लैकमेल करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। महिला थाना और साइबर टीम की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी को चक्रधरनगर क्षेत्र से पकड़कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान सौरभ सिंह राजपूत के रूप में हुई है, जो बिहार के गया जिले का रहने वाला है। आरोपी ने इंस्टाग्राम के जरिए युवती से दोस्ती की थी और पिछले कई महीनों से उसे परेशान कर रहा था।

पीड़िता ने 14 मई 2026 को महिला थाना रायगढ़ पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में उसने बताया कि करीब सात से आठ महीने पहले उसकी पहचान आरोपी से इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी। दोनों के बीच मोबाइल पर बातचीत शुरू हुई। इसी दौरान आरोपी 5 जनवरी 2026 को रायगढ़ आया और मेडिकल कॉलेज रोड स्थित चक्रधरनगर क्षेत्र में युवती को मिलने बुलाया। वहां उसने युवती के साथ गलत नियत से छेड़खानी की और घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। डर की वजह से युवती ने यह बात अपने परिवार को नहीं बताई।

इसके बाद आरोपी लगातार फोन और सोशल मीडिया के माध्यम से युवती पर दबाव बनाता रहा। बातचीत बंद करने पर आरोपी ने जान से मारने और वीडियो वायरल करने की धमकी दी। 30 अप्रैल 2026 को आरोपी ने युवती को अपने साथ घूमने चलने का दबाव बनाया। धमकी और भय के कारण युवती उसके साथ मथुरा चली गई। बाद में 4 मई को वह ट्रेन से वापस रायगढ़ लौट आई, लेकिन आरोपी उसका मोबाइल फोन अपने पास रख लिया और केवल सिम कार्ड वापस किया।

घर लौटने के बाद युवती ने पूरी घटना अपने माता-पिता को बताई। इसके बाद आरोपी इंस्टाग्राम आईडी के जरिए युवती के परिजनों को अश्लील फोटो और वीडियो भेजकर धमकाने लगा। मामले की गंभीरता को देखते हुए महिला थाना रायगढ़ में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी रेलवे स्टेशन के पास देखा गया है। सूचना मिलते ही महिला थाना और साइबर टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए उसका पीछा किया और चक्रधरनगर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने खुद को यूट्यूबर बताया और अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी जब्त किया है।

इस कार्रवाई में महिला थाना प्रभारी कुसुम कैवर्त, सरस्वती महापात्रे, मालती कंवर, राजेश उरांव तथा साइबर टीम के महेश पंडा, पुष्पेंद्र जाटवर और नवीन शुक्ला की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

इस मामले पर Shashi Mohan Singh ने कहा कि सोशल मीडिया पर अंजान लोगों से दोस्ती करना खतरनाक साबित हो सकता है। महिलाओं की गरिमा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई करती रहेगी।