इंदौर रेलवे स्टेशन पर स्टेशन राजभाषा कार्यान्वयन समिति की तिमाही बैठक संपन्न, हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग पर दिया गया जोर
पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के अंतर्गत इंदौर रेलवे स्टेशन पर स्टेशन राजभाषा कार्यान्वयन समिति की तिमाही बैठक आयोजित की गई। बैठक में रेलवे कार्यालयों में राजभाषा हिंदी के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा की गई तथा कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के अधिकतम उपयोग पर जोर दिया गया। बैठक के बाद राजभाषा प्रश्न मंच एवं हिंदी कार्यशाला का भी आयोजन किया गया।
UNITED NEWS OF ASIA. राजेश पुरोहित, रतलाम। पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के अंतर्गत इंदौर रेलवे स्टेशन पर स्टेशन राजभाषा कार्यान्वयन समिति की 30 जून 2026 को समाप्त तिमाही बैठक का आयोजन क्षेत्र अधिकारी हरि राम मीना की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। बैठक का उद्देश्य रेलवे कार्यालयों में राजभाषा हिंदी के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा करना तथा कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के प्रयोग को और अधिक बढ़ावा देना रहा।
बैठक में इंदौर स्टेशन स्थित विभिन्न रेलवे कार्यालयों के विभागाध्यक्षों एवं अधिकारियों ने भाग लिया। सभी प्रतिनिधियों ने अपने-अपने कार्यालयों में राजभाषा हिंदी के उपयोग, प्रगति, उपलब्धियों तथा प्रचार-प्रसार की जानकारी प्रस्तुत की। अध्यक्ष हरि राम मीना ने प्रत्येक कार्यालय में राजभाषा संबंधी कार्यों की विस्तार से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को राजभाषा अधिनियम, 1963 एवं राजभाषा नियमों का पूर्णतः पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यालयों में हिंदी का अधिकतम उपयोग न केवल नियमों का पालन है, बल्कि आम नागरिकों से सहज संवाद का भी प्रभावी माध्यम है।
बैठक में सहायक वाणिज्य प्रबंधक वसंत नायर, जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार, रतलाम मंडल के राजभाषा विभाग से राजेंद्र सेन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, बैठक के उपरांत अधिकारियों एवं कर्मचारियों में राजभाषा हिंदी के प्रति जागरूकता और व्यवहारिक दक्षता विकसित करने के उद्देश्य से राजभाषा प्रश्न मंच एवं हिंदी कार्यशाला का आयोजन भी किया गया। कार्यशाला में हिंदी में प्रभावी कार्यालयीन कार्य-संपादन, सरकारी पत्राचार की शैली, राजभाषा संबंधी प्रावधानों तथा व्यवहारिक उपयोग पर विस्तार से जानकारी दी गई। प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए हिंदी के प्रभावी उपयोग को लेकर अपने अनुभव भी साझा किए।
बैठक में आगामी राजभाषा पखवाड़ा को व्यापक जनभागीदारी, उत्साह एवं रचनात्मक गतिविधियों के साथ मनाने का निर्णय लिया गया। इसके अंतर्गत हिंदी निबंध, भाषण, नोटिंग-ड्राफ्टिंग, प्रश्नोत्तरी तथा अन्य राजभाषा प्रतियोगिताओं के आयोजन पर सहमति व्यक्त की गई, ताकि कर्मचारियों में हिंदी के प्रति रुचि बढ़े और कार्यालयीन कार्यों में उसका प्रयोग और अधिक सशक्त हो सके।