हरित शक्ति वेलफेयर फाउंडेशन ने किया वृक्षारोपण, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने सिलाई प्रशिक्षण केन्द्र का शुभारंभ

धमतरी जिले के ग्राम छाती में हरित शक्ति वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा पर्यावरण संरक्षण और महिला सशक्तिकरण की दिशा में उल्लेखनीय पहल की गई। संगठन ने आदिवासी भवन परिसर में वृक्षारोपण कर हरित क्रांति की शुरुआत की, साथ ही महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने हेतु नि:शुल्क सिलाई प्रशिक्षण केन्द्र का भी शुभारंभ किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डॉ. संदीप मेश्राम सहित कई गणमान्यजन मौजूद रहे। फाउंडेशन के संरक्षक रविशंकर अवस्थी ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य बढ़ती गर्मी और पेड़ों की कटाई से उत्पन्न संकट से निपटना और हरित भविष्य का निर्माण करना है।

Sep 29, 2025 - 13:12
 0  14
हरित शक्ति वेलफेयर फाउंडेशन ने किया वृक्षारोपण, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने सिलाई प्रशिक्षण केन्द्र का शुभारंभ

UNITED NEWS OF ASIA. रिजवान मेमन, धमतरी। बढ़ती गर्मी, घटती हरियाली और पर्यावरणीय असंतुलन की समस्या को देखते हुए हरित शक्ति वेलफेयर फाउंडेशन ने एक सराहनीय कदम उठाया है। ग्राम छाती के आदिवासी भवन परिसर में फाउंडेशन द्वारा वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, साथ ही महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से नि:शुल्क सिलाई प्रशिक्षण केन्द्र की शुरुआत भी की गई।

इस अवसर पर फाउंडेशन के संरक्षक एडवोकेट रविशंकर अवस्थी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। पेड़ों की अंधाधुंध कटाई और पर्यावरण के अति-दोहन के कारण बढ़ते तापमान और उमस भरे मौसम से आमजन परेशान हैं। वृक्षों की संख्या बढ़ाकर और संरक्षण को प्राथमिकता देकर ही आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित किया जा सकता है।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डॉ. संदीप मेश्राम, उद्योग प्रभारी डिस्ट्रिक्ट रिसोर्स पर्सन (जिला व्यापार उद्योग केंद्र) ने पीएमएफएमई और पीएमईजीपी योजनाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए ग्रामीण युवाओं और महिलाओं को उद्योग से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।

विशिष्ट अतिथि पोषण साहू, डॉ. पोषण सिंह और सैय्यदा मुनीज़ा हुसैनी ने भी वृक्षारोपण पहल की सराहना करते हुए इसे अनुकरणीय बताया। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण के लिए सिलाई प्रशिक्षण जैसी योजनाएं आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को साकार करती हैं।

इस कार्यक्रम में फाउंडेशन के पदाधिकारी खोमेश्वरी साहू (अध्यक्ष), नरेंद्र साहू (सचिव), दामिनी साहू (कोषाध्यक्ष) सहित पुनारद ठाकुर, टोमन लाल, चोवा चक्रधारी, भारती साहू, पूजा यादव, चूमेश्वरी सोनवानी, हेमलता साहू, कुलेश्वरी साहू, ममता निषाद, ट्विंकल साहू, भीमसिंग यादव, गगन मंडावी और खिलेश्वर साहू सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

इस पहल के माध्यम से हरित शक्ति वेलफेयर फाउंडेशन ने न केवल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में ठोस कदम उठाया है, बल्कि ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की नई राह भी दिखाई है।