गुण्डरदेही नगर पंचायत की सामान्य बैठक संपन्न, विकास कार्यों को मिली गति

गुण्डरदेही नगर पंचायत परिषद की सामान्य बैठक अध्यक्ष प्रमोद जैन की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, सामुदायिक भवन, गौशाला, अस्पताल उन्नयन और विभिन्न विकास कार्यों से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा कर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

Jun 18, 2026 - 17:04
 0  2
गुण्डरदेही नगर पंचायत की सामान्य बैठक संपन्न, विकास कार्यों को मिली गति

UNITED NEWS OF ASIA. लीलाधर साहू गुन्दर्देही l गुण्डरदेही। नगर पंचायत गुण्डरदेही की सामान्य परिषद बैठक गुरुवार को नगर पंचायत कार्यालय के सभाकक्ष में अध्यक्ष प्रमोद जैन की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में नगर विकास और जनहित से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई तथा कई अहम प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की गई।

बैठक में मुख्य नगरपालिका अधिकारी कोमल ठाकुर ने एजेंडा के विभिन्न बिंदुओं को परिषद के समक्ष प्रस्तुत किया। परिषद द्वारा साप्ताहिक बाजार क्षेत्र में प्रस्तावित व्यावसायिक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स निर्माण कार्य को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। जानकारी के अनुसार, लगभग 1 करोड़ 17 लाख रुपये की लागत से 30 दुकानों वाले कॉम्प्लेक्स का निर्माण पीपीपी मॉडल के तहत किया जाएगा। इसके लिए आरक्षण निर्धारण की प्रक्रिया रोस्टर पद्धति से पूरी कर ली गई है तथा निर्माण कार्य जल्द प्रारंभ करने पर सहमति बनी।

इसके अलावा सर्वसुविधायुक्त सामुदायिक भवन निर्माण के लिए प्राप्त निविदाओं की दरों को स्वीकृति प्रदान की गई। लगभग 1 करोड़ 88 लाख रुपये की लागत से प्रस्तावित इस भवन का निर्माण कार्य भी शीघ्र शुरू किए जाने का निर्णय लिया गया।

बैठक में श्रीकृष्ण गौशाला समिति द्वारा प्रस्तुत आवेदन पर भी चर्चा की गई। परिषद ने नियमानुसार भूमि उपलब्ध कराने के संबंध में शासन को प्रस्ताव भेजने का निर्णय लिया। साथ ही नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की घोषणाओं के अनुरूप विभिन्न विकास कार्यों की कार्ययोजना तैयार कर शासन को भेजने पर भी विचार किया गया।

नगर के सभी वार्डों के विकास के लिए पार्षदों से प्रस्ताव प्राप्त कर लगभग 4 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। परिषद ने सामाजिक सहायता पेंशन योजनाओं के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों पर विचार करते हुए आवश्यक निर्णय लिए। इसके साथ ही मकान नामांतरण के तीन मामलों का भी निराकरण किया गया।

बैठक में साप्ताहिक बाजार क्षेत्र में 10×10 आकार की व्यावसायिक दुकानों के निर्माण का प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से पारित किया गया। इसके लिए निविदा प्रक्रिया शुरू करने की मंजूरी दी गई। वहीं बाजार तालाब के किनारे लगभग 10 फीट तक मिट्टी भराई कर सौंदर्यीकरण कार्य कराने की योजना पर भी सहमति बनी।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुण्डरदेही को 50 बिस्तरीय अस्पताल में उन्नत करने के विषय पर भी चर्चा हुई। इसके लिए अस्पताल परिसर में लगभग ढाई एकड़ भूमि चिन्हित कर शासन को प्रस्ताव भेजने का निर्णय लिया गया।

बैठक में जाति, निवास और अन्य प्रशासनिक आवेदनों पर भी विचार-विमर्श किया गया। परिषद सदस्यों ने नगर के सर्वांगीण विकास, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।

बैठक में उपाध्यक्ष विजय सोनकर सहित सभी पार्षदों और परिषद सदस्यों ने भाग लिया तथा नगर के विकास को लेकर अपने सुझाव प्रस्तुत किए। अंत में अध्यक्ष प्रमोद जैन ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए नगर हित में सामूहिक प्रयासों से विकास कार्यों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।