ग्रीन आर्मी का ऐतिहासिक अभियान: महाराजबंध तालाब सफाई के 10 दिन पूरे, प्रतिदिन निकल रहा 2 ट्रक कचरा

प्रदेश अध्यक्ष एवं संस्थापक अमिताभ दुबे के नेतृत्व में ग्रीन आर्मी छत्तीसगढ़ द्वारा चलाए जा रहे महाराजबंध तालाब सफाई अभियान ने 10 दिन पूरे कर लिए हैं, जिसमें प्रतिदिन औसतन 2 ट्रक कचरा निकालकर तालाब को नई पहचान देने का कार्य किया जा रहा है।

Dec 21, 2025 - 12:08
 0  15
ग्रीन आर्मी का ऐतिहासिक अभियान: महाराजबंध तालाब सफाई के 10 दिन पूरे, प्रतिदिन निकल रहा 2 ट्रक कचरा

 UNITED NEWS OF ASIA. रायपुर। राजधानी रायपुर की ऐतिहासिक जलधरोहर महाराजबंध तालाब, जो कभी गंदगी और उपेक्षा का शिकार हो चुकी थी, आज ग्रीन आर्मी छत्तीसगढ़ के निरंतर प्रयासों से पुनर्जीवन की ओर अग्रसर है। प्रदेश अध्यक्ष एवं संस्थापक अमिताभ दुबे के नेतृत्व में चल रहा यह तालाब सफाई अभियान अब अपने 10 दिन पूरे कर चुका है। इन 10 दिनों में प्रतिदिन औसतन 2 ट्रक कचरा, प्लास्टिक, पॉलीथिन और गाद तालाब से बाहर निकाली जा रही है। यह अभियान केवल सफाई तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि शहर की जलधरोहरों को बचाने का एक सशक्त जनआंदोलन बन चुका है।

इस महाअभियान में ग्रीन आर्मी के स्वयंसेवकों के साथ दुर्गा महाविद्यालय एवं गुरुकुल महिला महाविद्यालय के छात्र-छात्राएँ भी सक्रिय रूप से श्रमदान कर रहे हैं। विद्यार्थियों की भागीदारी और कार सेवा यह दर्शाती है कि रायपुर का युवा वर्ग पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूक है और सामाजिक जिम्मेदारी निभाने के लिए आगे आ रहा है। युवाओं का यह उत्साह आने वाले समय में पर्यावरण के लिए सकारात्मक बदलाव का संकेत देता है।

नगर निगम रायपुर की ओर से भी इस अभियान को सहयोग मिल रहा है। समय-समय पर पोकलेन मशीन उपलब्ध कराई जा रही है, वहीं पिछले चार दिनों से तीन मजदूरों को सफाई कार्य में लगाया गया है, जिससे अभियान को गति और मजबूती मिली है। प्रशासन और सामाजिक संगठन के इस समन्वय से तालाब की स्थिति में लगातार सुधार देखने को मिल रहा है।

प्रदेश अध्यक्ष एवं संस्थापक अमिताभ दुबे ने कहा कि महाराजबंध तालाब की सफाई केवल एक स्थान विशेष का कार्य नहीं है, बल्कि यह उस सोच की शुरुआत है, जिसमें समाज स्वयं आगे आकर अपनी प्राकृतिक और ऐतिहासिक धरोहरों को बचाने का जिम्मा लेता है। उन्होंने कहा कि 10 दिनों की निरंतर मेहनत ने यह साबित कर दिया है कि जब नीयत साफ होती है, तो बदलाव निश्चित होता है। ग्रीन आर्मी का लक्ष्य महाराजबंध तालाब के बाद रायपुर के सभी तालाबों को चरणबद्ध तरीके से स्वच्छ, सुरक्षित और जीवंत बनाना है।

सफाई के साथ-साथ ग्रीन आर्मी द्वारा जनजागरूकता अभियान को भी लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है। 11 तारीख से शुरू हुए इस अभियान के तहत अब पूरे दिन जागरूकता कार्यक्रम चलाया जाएगा, जिसमें स्थानीय नागरिकों और राहगीरों को पाम्फलेट वितरित कर तालाब संरक्षण, स्वच्छता और पर्यावरण सुरक्षा का संदेश दिया जाएगा। ग्रीन आर्मी ने शहर के नागरिकों, युवाओं, महिलाओं और सामाजिक संगठनों से अपील की है कि वे इस आंदोलन से जुड़ें और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ जल स्रोतों को सुरक्षित रखने में अपनी भागीदारी निभाएँ।