UNITED NEWS OF ASIA. राधे पटेल, गरियाबंद l गरियाबंद पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो अलग-अलग मामलों में कुल 10.961 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। कार्रवाई के दौरान एक विधि से संघर्षरत बालक सहित सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक बोलेरो वाहन, मोबाइल फोन और अन्य सामग्री भी जब्त की गई।
पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के निर्देशन में जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों में लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान थाना फिंगेश्वर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक बोलेरो वाहन में अवैध रूप से गांजा परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर राजिम–महासमुंद–छुरा मार्ग पर चेकिंग के दौरान बोलेरो वाहन क्रमांक CG18L6718 को रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान वाहन से 2.982 किलोग्राम गांजा, तीन टच स्क्रीन मोबाइल और बोलेरो वाहन बरामद किया गया। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत लगभग 8.25 लाख रुपये आंकी गई। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गांजा रायपुर निवासी मोहम्मद शकील उर्फ राजा लाइट और मोहम्मद फैजान बख्श को बेचने के लिए ले जाया जा रहा था। इसके बाद पुलिस ने एंड-टू-एंड कार्रवाई करते हुए दोनों कथित तस्करों को रायपुर से गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में उमेश यादव, जितेन्द्र बघेल, एक विधि से संघर्षरत बालक सहित कुल पांच आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत कार्रवाई की गई।
इसी क्रम में 25 जुलाई 2026 को थाना फिंगेश्वर पुलिस को दूसरी सूचना मिली कि ग्राम बोरसी के दो युवक चैतरा मोड़ के आगे स्थित एक सूने मकान में गांजा रखकर बिक्री कर रहे हैं। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर महेश उर्फ शिवांश जांगड़े और लवीन कुमार जांगड़े को गिरफ्तार किया। तलाशी में उनके कब्जे से 7.979 किलोग्राम गांजा और दो टच स्क्रीन मोबाइल बरामद किए गए। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 4.20 लाख रुपये बताई गई।
दोनों आरोपियों के खिलाफ भी एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
गरियाबंद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और गांजा परिवहन, खरीद-बिक्री तथा सप्लाई चेन से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध भी सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि मादक पदार्थों से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि ऐसे अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।