ध्रुव गोंड़ समाज की महिला प्रभाग ने आदर्श विवाह कर कराया मानवीय मिसाल

नगरी में ध्रुव गोंड़ समाज की महिला प्रभाग ने आर्थिक रूप से कमजोर कन्या लक्ष्मी का आदर्श विवाह कर मानवीय संवेदना और सामाजिक एकता की मिसाल पेश की। समाज के पदाधिकारियों और ग्रामीणों की उपस्थिति में बिना फिजूलखर्ची के सात फेरे कराए गए।

Dec 2, 2025 - 15:57
 0  31
ध्रुव गोंड़ समाज की महिला प्रभाग ने आदर्श विवाह कर कराया मानवीय मिसाल

 UNITED NEWS OF ASIA.  रिजवान मेमन, धमतरी | नगर पंचायत नगरी में ध्रुव गोंड़ समाज की महिला प्रभाग ने एक प्रेरणादायक और मानवीय पहल करते हुए आदर्श विवाह कराया। चुरियारा पारा की लक्ष्मी नामक कन्या को उसके माता-पिता वर्षों पहले विधवा और वृद्ध नानी के पास छोड़ गए थे, जिसके बाद नानी ने कठिन परिस्थितियों में उसका पालन-पोषण किया। वर्तमान में लक्ष्मी अपने मेहनतकश जीजा-दीदी के साथ चुरियारा पारा में रह रही थी।

इसी दौरान ग्राम भैंसामुड़ा के युवक जलाधार नेताम विवाह योग्य कन्या की तलाश में समाज के तहसील महासचिव नरेश छेदैहा के निवास पहुंचे। वहां लक्ष्मी की स्थिति के बारे में उन्हें अवगत कराया गया और युवक को कन्या दिखाई गई। पहली नजर में ही दोनों एक-दूसरे को पसंद कर बैठे।

महिला प्रभाग ने लक्ष्मी की परिस्थितियों को देखते हुए लड़का पक्ष के सामने आदर्श विवाह का प्रस्ताव रखा, जिसे लड़का पक्ष ने तत्काल स्वीकार कर लिया। समाज सभा भवन में श्री बुढ़ा देव को साक्षी मानकर सात फेरे कराए गए और महिलाओं ने कन्या को अपनी बेटी की तरह खुशी-खुशी विदा किया।

फिजूलखर्ची रोकने और जरूरतमंद कन्या का सम्मानजनक विवाह कराने की इस पहल की पूरे क्षेत्र में सराहना हो रही है। कार्यक्रम में समाज के तहसील महासचिव नरेश छेदैहा, विष्णु भास्कर, रामजी मरकाम, बलीराम नेताम, लखन लाल नेताम, खिरभान नेताम, उदय नेताम, रवि ठाकुर, दशरथ मरकाम, खिलेश कुंजाम, गोदावरी छेदैहा सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।