शराबी प्रधान पाठक पर कार्रवाई, सरगुजा संयुक्त संचालक ने तत्काल प्रभाव से किया निलंबित

जशपुर जिले के पत्थलगांव विकासखंड स्थित सुरंगपानी शासकीय माध्यमिक शाला (कन्या) की दो दर्जन से अधिक नाबालिग छात्राओं और दो शिक्षिकाओं द्वारा अभद्र व्यवहार, यौन उत्पीड़न व दुर्व्यवहार के आरोप लगाने के बाद प्रधान पाठक गणेश राम चौहान को सरगुजा संयुक्त संचालक ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। जांच में आरोपों की पुष्टि भी पाई गई।

Dec 2, 2025 - 16:05
 0  12
शराबी प्रधान पाठक पर कार्रवाई, सरगुजा संयुक्त संचालक ने तत्काल प्रभाव से किया निलंबित

 UNITED NEWS OF ASIA.लक्ष्मी नारायण जांगड़े, जशपुर | पत्थलगांव विकासखंड के सुरंगपानी स्थित शासकीय माध्यमिक शाला (कन्या) में पदस्थ प्रधान पाठक गणेश राम चौहान पर दो दर्जनों से अधिक नाबालिग आदिवासी छात्राओं ने यौन उत्पीड़न, मानसिक प्रताड़ना और अभद्र व्यवहार के गंभीर आरोप लगाए थे। दो शिक्षिकाओं ने भी प्रधान पाठक पर शराब के नशे में स्कूल आकर उन्हें धमकाने और दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया था।

छात्राओं ने बताया कि प्रधान पाठक दारू पीकर स्कूल आते थे, अनर्गल टिप्पणियाँ करते थे तथा बच्चियों से कपड़े धुलवाने जैसे अनुचित कार्य करवाते थे। शिकायत मिलने के बाद बीईओ द्वारा गठित जांच टीम ने छात्राओं और शिक्षिकाओं के बयान दर्ज किए और सूत्रों के अनुसार सभी आरोपों की पुष्टि भी हुई।

लगभग 15 दिन बीत जाने के बाद भी कार्रवाई न होने पर शिक्षा विभाग सक्रिय हुआ। सरगुजा संभाग के संयुक्त संचालक द्वारा जारी आदेश में बताया गया कि प्रधान पाठक गणेश राम चौहान का व्यवहार शासकीय सेवक की पद-गरिमा के विपरीत और अनैतिक पाया गया है।

इसी आधार पर संयुक्त संचालक ने तत्काल प्रभाव से प्रधान पाठक गणेश राम चौहान को निलंबित करते हुए उनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी फरसाबहार, जिला जशपुर निर्धारित कर दिया है।