कबीरधाम में डिजिटल शिक्षा क्रांति, बोड़ला ब्लॉक के 8 स्कूलों में शुरू हुई स्मार्ट क्लास
कबीरधाम जिले में डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देते हुए उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बोड़ला ब्लॉक के 8 शासकीय स्कूलों में स्मार्ट क्लासेज का शुभारंभ किया। 3D एनीमेशन, ऑडियो-वीडियो कंटेंट और ऑनलाइन लर्निंग के माध्यम से विज्ञान, गणित सहित कठिन विषयों की समझ को सरल और रोचक बनाने पर जोर दिया गया। यह पहल वनांचल क्षेत्रों के छात्रों के लिए आधुनिक शिक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
UNITED NEWS OF ASIA. कबीरधाम | जिले में डिजिटल शिक्षा को नई दिशा देते हुए उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बोड़ला ब्लॉक के 8 शासकीय स्कूलों में स्मार्ट क्लासेज की शुरुआत की। यह कार्यक्रम हायर सेकेंडरी स्कूल खैरबना कला से ऑनलाइन माध्यम से आयोजित किया गया। इससे पहले कवर्धा और सहसपुर लोहारा विकासखंड में भी स्मार्ट क्लासेज प्रारंभ की जा चुकी हैं। इस पहल से वनांचल क्षेत्रों तक डिजिटल शिक्षा का विस्तार हो रहा है।
स्मार्ट क्लास शुभारंभ के कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष चंद्र प्रकाश चंद्रवंशी, जिला पंचायत सदस्य डॉ. बीरेंद्र साहू, गंगाबाई साहू, नितेश अग्रवाल, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष संतोष पटेल सहित जनप्रतिनिधि, शिक्षक व ग्रामीण उपस्थित रहे।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि स्मार्ट क्लासेज में 3D एनीमेशन, इंटरैक्टिव कंटेंट और ऑडियो-वीडियो सामग्री से छात्र विज्ञान, गणित, भूगोल जैसे कठिन विषयों को सरलता से समझ सकेंगे। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म जुड़ने से विशेषज्ञ शिक्षक भी एक साथ कई स्कूलों की क्लास ले सकेंगे।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ने बच्चों के साथ बैठकर डिजिटल बोर्ड पर पादप कोशिका की संरचना और उसके अंगों का 3D मॉडल देखा। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि इस तकनीक का पूरा लाभ उठाते हुए मजबूत बुनियादी समझ विकसित करें।
जिले के 50 हायर सेकेंडरी स्कूलों में स्मार्ट क्लास स्थापित की जानी है, जिनमें से 34 स्कूलों में यह सुविधा प्रारंभ हो चुकी है। शेष स्कूलों में भी जल्द ही स्मार्ट क्लास शुरू की जाएगी। यह पहल छात्रों को उच्च शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं में बेहतर अवसर प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
स्मार्ट क्लास से जुड़े 8 स्कूलों के बच्चों ने उप मुख्यमंत्री से ऑनलाइन बातचीत कर अपने अनुभव साझा किए और बताया कि अब कठिन विषय भी आसानी से समझ आ रहे हैं। उप मुख्यमंत्री ने छात्रों को लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत करने की प्रेरणा दी।
शुभारंभ किए गए स्कूलों में खैरबना कला, राजा नवागांव, महाराजपुर, भोरमदेव कन्या शिक्षा परिसर महाराजपुर, रौचन, मिनमिनिया मैदान, जुनवानी जंगल और बेंगरची शामिल हैं।