समझाने पहुंचे रिश्तेदारों पर फायरिंग, देशी रिवॉल्वर और कट्टे के साथ दो आरोपी गिरफ्तार
सक्ती जिले के कर्रापाली गांव में पारिवारिक विवाद के दौरान समझाने पहुंचे रिश्तेदारों पर फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक देशी रिवॉल्वर, एक देशी कट्टा और घटनास्थल से खाली कारतूस बरामद किया गया है। दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
UNITED NEWS OF ASIA. सक्ती l जिले के कर्रापाली गांव में पारिवारिक विवाद के दौरान समझाने पहुंचे रिश्तेदारों पर जानलेवा फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से एक देशी रिवॉल्वर और एक देशी कट्टा बरामद किया गया है। साथ ही घटनास्थल से फायरिंग में इस्तेमाल किए गए कारतूस का खाली खोखा भी जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार मामले की शिकायत अजय सिंह गोंड़ ने थाना सक्ती में दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 4 जून 2026 को वह अपने चाचा ससुर महंगु गोंड़ के बुलावे पर ग्राम कर्रापाली गया था। वहां उसकी रिश्तेदार तीजबाई को उसके पति दिलेश्वर सिदार द्वारा लगातार प्रताड़ित और मारपीट किए जाने की जानकारी मिली थी। इसी संबंध में परिवार के अन्य सदस्यों के साथ दिलेश्वर सिदार को समझाने का प्रयास किया गया।
बताया गया कि समझाइश के दौरान दिलेश्वर सिदार नाराज होकर वहां से चला गया। बाद में शाम करीब 5.30 बजे जब अजय सिंह गोंड़, बुंदीबाई, महंगु गोंड़ और रमेश गोंड़ वापस अपने गांव लौट रहे थे, तब कर्रापाली गांव के बाहर तालाब के पास दिलेश्वर सिदार और उसका साथी सोमदेव सिदार उन्हें मिले।
आरोप है कि दोनों ने पहले गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इसी दौरान दिलेश्वर सिदार ने अपने पास रखे हथियार से फायरिंग कर दी। गोली सड़क पर लगी, जबकि सभी लोग झुककर और पीछे हटकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। शिकायत के अनुसार सोमदेव सिदार भी हथियार लेकर मौजूद था और लगातार धमकी दे रहा था।
घटना की रिपोर्ट पर थाना सक्ती में आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1), 296, 3(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने दबिश देकर आरोपी दिलेश्वर सिदार और सोमदेव सिदार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान दोनों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
पुलिस ने दिलेश्वर सिदार के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक देशी रिवॉल्वर और सोमदेव सिदार के पास से एक देशी कट्टा बरामद किया। इसके अलावा घटनास्थल का निरीक्षण कर फायर किए गए राउंड का खाली खोखा भी जब्त किया गया है।
जांच में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय के आदेश पर उन्हें न्यायिक रिमांड पर उप जेल सक्ती भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।