धमतरी में आज होगा जिला स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव, टंकराम वर्मा करेंगे शुभारंभ

धमतरी में 30 जुलाई को जिला स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा मुख्य अतिथि होंगे। विद्यार्थियों को साइकिल, गणवेश, पाठ्यपुस्तकें और अन्य शैक्षणिक सामग्री वितरित की जाएगी।

Jul 30, 2026 - 12:31
 0  2
धमतरी में आज होगा जिला स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव, टंकराम वर्मा करेंगे शुभारंभ

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l नवीन शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ के अवसर पर धमतरी जिले में 30 जुलाई को जिला स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव का आयोजन किया जाएगा। मराठा मंगल भवन में सुबह 11 बजे आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में प्रदेश के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, पुनर्वास तथा उच्च शिक्षा मंत्री एवं धमतरी जिले के प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे।

प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तकें, शाला गणवेश (यूनिफॉर्म) तथा अन्य शैक्षणिक सामग्री वितरित की जाएगी। सरस्वती साइकिल योजना के तहत पात्र छात्राओं को निःशुल्क साइकिलें भी प्रदान की जाएंगी, जिससे उन्हें विद्यालय आने-जाने में सुविधा मिल सके और शिक्षा के प्रति उनका उत्साह बढ़े।

शाला प्रवेशोत्सव की शुरुआत वृक्षारोपण अभियान से होगी। इसके माध्यम से विद्यार्थियों और नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जाएगा। इसके बाद विद्यालय में प्रवेश लेने वाले नवप्रवेशी बच्चों का तिलक लगाकर आत्मीय स्वागत किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान विशेष आवश्यकता वाले दिव्यांग विद्यार्थियों को उनकी जरूरत के अनुसार सहायक उपकरण और सामग्री भी उपलब्ध कराई जाएगी।

समारोह में शिक्षा, खेलकूद, सांस्कृतिक एवं अन्य सह-शैक्षणिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। मुख्य अतिथि प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान करेंगे। इसके साथ ही विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम समारोह का प्रमुख आकर्षण होंगे।

बच्चों के लिए विशेष रूप से 'न्योता भोज' का आयोजन भी किया गया है। इसका उद्देश्य नवप्रवेशी विद्यार्थियों में विद्यालय के प्रति अपनत्व की भावना विकसित करना तथा उनके नए शैक्षणिक जीवन की शुरुआत को यादगार बनाना है। जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग का मानना है कि इससे बच्चों में आत्मविश्वास और विद्यालय के प्रति सकारात्मक वातावरण का निर्माण होगा।

जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग ने जनप्रतिनिधियों, पालकों, शिक्षकों, मीडिया प्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों तथा आम जनता से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर बच्चों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।

शाला प्रवेशोत्सव का उद्देश्य प्रत्येक बच्चे का गरिमापूर्ण स्वागत करना, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा विद्यालयों में तनावमुक्त, आनंददायी और प्रेरणादायक शैक्षणिक वातावरण तैयार करना है। यह आयोजन राज्य सरकार की उस प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है, जिसके तहत प्रत्येक बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाकर उसके उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है.