महापौर मीनल चौबे ने जोन 8, 9 और 10 के कार्यों की समीक्षा, अवैध निर्माण पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
रायपुर की महापौर मीनल चौबे ने नगर निगम के जोन 8, 9 और 10 के कार्यों की समीक्षा करते हुए अवैध निर्माण, अतिक्रमण, जलभराव और जनसुविधाओं से जुड़े मामलों पर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने नियमों के विरुद्ध हुए निर्माणों पर बिना भेदभाव कार्रवाई और जल निकासी व्यवस्था सुधारने पर जोर दिया।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l रायपुर नगर पालिक निगम की महापौर मीनल चौबे ने नगर निगम के जोन 8, 9 और 10 के कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को जनहित से जुड़े मामलों में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। समीक्षा बैठकों में जनसुविधाओं, विकास कार्यों, जल निकासी व्यवस्था, जलभराव, अवैध निर्माण और अतिक्रमण से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
जोन 8 की समीक्षा बैठक में महापौर ने विभिन्न वार्डों में विकास कार्यों की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को वार्ड पार्षदों के साथ समन्वय बनाकर जनसमस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने और सभी लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए।
जोन 9 की बैठक में वार्ड पार्षदों ने नालों पर अतिक्रमण और अवैध निर्माण के कारण जल निकासी प्रभावित होने की समस्या उठाई। पाम रिजॉर्ट, एसेड रिजॉर्ट, रॉयल रिजॉर्ट सहित अन्य कॉलोनियों में नियमों के विपरीत निर्माण के कारण वर्षा के दौरान जलभराव की स्थिति बनने की जानकारी दी गई। महापौर ने इस पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी अवैध निर्माणों और अतिक्रमणों के विरुद्ध बिना किसी भेदभाव के वैधानिक कार्रवाई करने तथा दोषी कॉलोनाइजरों के खिलाफ सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए।
बैठक में रीबाउंस बिल्डिंग के समीप निर्माणाधीन टिन शेड पर अधूरी छोड़ी गई ध्वस्तीकरण कार्रवाई का मामला भी सामने आया। महापौर ने स्पष्ट कहा कि यदि कोई निर्माण अवैध है तो कार्रवाई बीच में नहीं छोड़ी जा सकती। उन्होंने पूरे मामले की जांच कर शेष कार्रवाई तत्काल पूरी करने के निर्देश दिए।
जोन 10 की समीक्षा बैठक में जलभराव और पेयजल व्यवस्था पर विशेष चर्चा हुई। देवपुरी स्कूल परिसर, वीआईपी चौक स्थित राम मंदिर, काठाडीह बीएसयूपी कॉलोनी, महावीर नगर, मेट्रो हाइट्स, काली नहर, संतोषी नगर और विशाल नगर क्षेत्रों में जलभराव की समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक तकनीकी सर्वे, पुलिया निर्माण और नाला निर्माण कार्य शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए गए।
महापौर ने अधिकारियों से कहा कि जिन स्थानों पर नालों में अवैध छेड़छाड़ की गई है, वहां तत्काल जांच कर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि शहर के सभी चिन्हित जलभराव स्थलों का अधिकतम दो सप्ताह के भीतर स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए।
अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर महापौर ने कहा कि नियमानुसार तीन नोटिस जारी करने के बाद कार्रवाई में किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाए। मुख्य मार्गों, अधिक पार्किंग दबाव वाले क्षेत्रों और अन्य चिन्हित स्थानों पर प्राथमिकता के आधार पर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए।
महापौर मीनल चौबे ने कहा कि नगर निगम शहर में अवैध निर्माण, नालों पर अतिक्रमण और जल निकासी व्यवस्था को प्रभावित करने वाली किसी भी गतिविधि के विरुद्ध बिना किसी भेदभाव के कठोर कार्रवाई करेगा। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि जनहित से जुड़े मामलों में लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी तथा नागरिकों की सुविधा और व्यवस्थित शहरी विकास नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।