रायपुर पश्चिम विधायक राजेश मूणत के निर्देश पर जोन-1 में सब्जी बाजारों की व्यवस्था सुधारने बनी कार्ययोजना

रायपुर पश्चिम विधायक राजेश मूणत के निर्देश पर नगर निगम जोन-1 में सब्जी बाजारों की व्यवस्था सुधारने के लिए संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में यातायात, पार्किंग, बाजार प्रबंधन और अस्थायी व्यापारियों के लिए निर्धारित स्थान तय करने पर विस्तृत चर्चा हुई।

Jul 30, 2026 - 12:31
 0  2
रायपुर पश्चिम विधायक राजेश मूणत के निर्देश पर जोन-1 में सब्जी बाजारों की व्यवस्था सुधारने बनी कार्ययोजना

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l रायपुर पश्चिम विधायक राजेश मूणत के निर्देश पर नगर निगम जोन-1 क्षेत्र के सब्जी बाजारों की व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से नगर निगम जोन-1 कार्यालय में संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जोन-1 अध्यक्ष गज्जू साहू ने की, जिसमें जोन कमिश्नर अंशुल शर्मा, नगर निगम के अधिकारी, यातायात पुलिस, स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा बाजार संघ के पदाधिकारी शामिल हुए।

बैठक में शहर के प्रमुख सब्जी बाजारों में यातायात प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था, व्यापारियों के संचालन और आम नागरिकों की सुविधाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। विशेष रूप से वार्ड क्रमांक-16 शिवाजी वार्ड स्थित खमतराई स्कूल के समीप संचालित सब्जी बाजार तथा फ्लाईओवर के नीचे लगने वाले अस्थायी बाजार की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।

बैठक में निर्णय लिया गया कि सब्जी विक्रेताओं के लिए नियत स्थान चिन्हित किए जाएंगे, ताकि बाजार अधिक व्यवस्थित ढंग से संचालित हो सके। ग्राहकों और व्यापारियों के वाहनों के लिए पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था विकसित करने पर भी सहमति बनी। इसके लिए खमतराई स्कूल परिसर सहित अन्य उपयुक्त स्थलों का निरीक्षण किया गया और आवश्यक व्यवस्थाएं विकसित करने की योजना बनाई गई।

उद्यान (गार्डन) के सामने सड़क किनारे लगने वाले ठेलों और अस्थायी दुकानों को भी व्यवस्थित करने के लिए कार्ययोजना तैयार की गई। बैठक में यह भी तय किया गया कि गुमटी संचालकों और अन्य अस्थायी व्यापारियों के लिए अलग से निर्धारित स्थान उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे यातायात बाधित न हो और व्यापारियों को भी सुविधाजनक स्थान मिल सके।

बैठक में निर्णय लिया गया कि इस विषय पर सभी संबंधित हितधारकों के साथ 31 जुलाई 2026 को पुनः बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें सभी सुझावों पर अंतिम निर्णय लेकर नई व्यवस्था लागू की जाएगी।

इसके अलावा वार्ड क्रमांक-17 हनुमानगढ़ी से गोंदवारा अंडरब्रिज तक सड़क किनारे लगने वाले सब्जी बाजार को व्यवस्थित रूप से स्थानांतरित कर गार्डन के समीप उपलब्ध खुले स्थान पर संचालित करने का निर्णय लिया गया। साथ ही गोंदवारा अंडरब्रिज के पास उपलब्ध खुले क्षेत्र का उपयोग वाहनों की पार्किंग के लिए किए जाने पर भी सर्वसम्मति बनी।

बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि नई व्यवस्था लागू करते समय व्यापारियों के हितों और आम नागरिकों की सुविधा दोनों का संतुलन बनाए रखा जाएगा। यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने और बाजारों को व्यवस्थित स्वरूप देने के लिए नगर निगम, यातायात पुलिस और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के बीच समन्वय के साथ कार्य किया जाएगा।

राजेश मूणत ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि बाजारों का प्रबंधन इस प्रकार किया जाए जिससे नागरिकों को आवागमन में परेशानी न हो, व्यापारियों को व्यवस्थित स्थान उपलब्ध हो और शहर की यातायात व्यवस्था भी बेहतर बनी रहे। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को समन्वय के साथ शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने और तय समयसीमा में नई व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए।