धमतरी में गांजा तस्करी मामले में बड़ा खुलासा, जांच में नगर सैनिक गिरफ्तार

धमतरी जिले में गांजा तस्करी के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत मगरलोड पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अप्रैल माह में दर्ज गांजा तस्करी प्रकरण की जांच के दौरान एक नगर सैनिक की संलिप्तता सामने आने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

Jun 10, 2026 - 13:26
 0  8
धमतरी में गांजा तस्करी मामले में बड़ा खुलासा, जांच में नगर सैनिक गिरफ्तार

UNITED NEWS OF ASIA. रिजवान मेमन, धमतरी l धमतरी जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस लगातार सख्त अभियान चला रही है। इसी क्रम में थाना मगरलोड पुलिस ने अप्रैल माह में दर्ज गांजा तस्करी प्रकरण की जांच के दौरान एक और महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। मामले की गहन जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर एक नगर सैनिक को गिरफ्तार किया गया है, जिसकी भूमिका अवैध गांजा कारोबार में सामने आई है।

पुलिस के अनुसार थाना मगरलोड में 14 अप्रैल 2026 को अपराध क्रमांक 63/2026 के तहत धारा 20(बी) एवं 29 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया था। इस प्रकरण में पहले ही 1.660 किलोग्राम अवैध गांजा, नगद राशि और मोबाइल फोन सहित कुल 89,930 रुपये मूल्य की सामग्री जब्त की गई थी। उस समय पुलिस ने आरोपी दंपति लाभाराम कुर्रे और सुशीला बाई कुर्रे को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया था।

मामले की आगे की जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण, मुखबिर से प्राप्त सूचनाओं और अन्य साक्ष्यों का परीक्षण किया। जांच में यह तथ्य सामने आया कि नगर सैनिक के रूप में कार्यरत महेश सिन्हा भी इस अवैध कारोबार से जुड़ा हुआ था। पुलिस ने आरोपी की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी और पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पूछताछ के दौरान मामले से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए। इसके बाद पुलिस ने विधिवत कार्रवाई करते हुए महेश सिन्हा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपी महेश सिन्हा की उम्र 40 वर्ष है और वह ग्राम पाहन्दा, थाना मगरलोड, जिला धमतरी का निवासी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की भूमिका गांजा तस्करी नेटवर्क में सक्रिय रूप से सामने आई है और मामले में उसकी संलिप्तता के पर्याप्त प्रमाण मिले हैं।

धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ऐसे सभी लोगों की पहचान कर रही है जो प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से मादक पदार्थों के अवैध व्यापार से जुड़े हुए हैं।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार पिछले छह सप्ताह के दौरान जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के विरुद्ध सात से अधिक प्रभावी कार्रवाई की जा चुकी है। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से नशा तस्करों और अवैध कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति है। पुलिस का दावा है कि जिले में सक्रिय नशा नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।

धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि नशे के अवैध कारोबार से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना मिलने पर तुरंत पुलिस को जानकारी दें, ताकि ऐसे अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके और समाज को नशे के दुष्प्रभावों से बचाया जा सके।