प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थी चन्दुलाल साहू, पिता जयराम साहू, उम्र 58 वर्ष, निवासी चौकी दामापुर क्षेत्र ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार 28 अगस्त 2026 से 30 अगस्त 2026 की सुबह करीब 10 बजे के बीच अज्ञात व्यक्ति ने उनके घर को निशाना बनाया। आरोपी ने घर में रखे संदूक का कुंदा तोड़कर उसमें रखे सोने और चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। चोरी गए सामान की कुल अनुमानित कीमत 1 लाख 45 हजार रुपये बताई गई थी।
शिकायत प्राप्त होने के बाद थाना कुण्डा अंतर्गत चौकी दामापुर में अपराध क्रमांक 123/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 331(4) और 305(ए) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की। जांच के दौरान प्रार्थी और गवाहों के बयान दर्ज किए गए तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। चोरी की घटना का पता लगाने के लिए पुलिस टीम द्वारा अलग-अलग पहलुओं पर जांच शुरू की गई और विशेष टीम गठित कर संदिग्धों की पतासाजी की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस टीम को मुखबिर से महत्वपूर्ण सूचना प्राप्त हुई। सूचना के आधार पर संदेही राजेश धुर्वे, पिता दुखुराम धुर्वे, उम्र 35 वर्ष, निवासी ग्राम कुआमालगी, चौकी दामापुर, थाना कुण्डा, जिला कबीरधाम से पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपी ने प्रार्थी के घर में चोरी करने की बात स्वीकार की। आरोपी ने कथित तौर पर चोरी किए गए सामान को अपने घर में छिपाकर रखने की जानकारी भी दी।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी किए गए सोने और चांदी के आभूषण बरामद किए। बरामद सामान में सोने की पत्ती चार नग, चांदी के लच्छे दो नग, पायल दो नग और करधन एक नग शामिल है। पुलिस ने इन सभी सामानों को विधिवत जब्त कर लिया है। मामले में अपराध घटित करना पाए जाने के बाद आरोपी को 13 सितंबर 2026 को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार मामले की विवेचना अभी जारी है और आरोपी को न्यायिक रिमांड के लिए माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। कार्रवाई में चौकी प्रभारी दामापुर उप निरीक्षक रोशन टोंडे, आरक्षक हेमंत चंद्रवंशी तथा साइबर थाना टीम के आरक्षक गज्जू राजपूत, अमित ठाकुर और पूरन दाहिरे की सराहनीय भूमिका रही। कबीरधाम पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि घर को लंबे समय तक सूना छोड़ते समय आवश्यक सुरक्षा उपाय अपनाएं और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।