दबनई में भाजपा ओबीसी मोर्चा की चौपाल, नरोत्तम साहू ने विकसित भारत–जी राम जी योजना पर किया जनसंवाद
मैनपुर के ग्राम पंचायत दबनई में आयोजित कृषक-श्रमिक ग्राम चौपाल में भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश मंत्री नरोत्तम साहू ने विकसित भारत और आजीविका गारंटी मिशन (ग्रामीण) विकसित भारत–जी राम जी योजना पर चर्चा कर ग्रामीणों को जागरूक किया।
UNITED NEWS OF ASIA.रुपेश साहू,मैनपुर गरियाबंद । तहसील मुख्यालय मैनपुर से लगभग 5 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम पंचायत दबनई में कृषक-श्रमिक ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। इस अवसर पर भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश मंत्री नरोत्तम साहू ने ग्रामीणों के साथ संवाद करते हुए विकसित भारत और आजीविका के लिए गारंटी मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत संचालित विकसित भारत–जी राम जी जनजागरण अभियान पर विस्तार से चर्चा की।
यह ग्राम चौपाल मंडल अध्यक्ष संतोष यादव के नेतृत्व में आयोजित की गई, जिसका मुख्य उद्देश्य जी राम जी योजना का प्रचार-प्रसार करना तथा ग्रामीणों को योजना के लाभों के प्रति जागरूक करना रहा। चौपाल में बड़ी संख्या में किसान, श्रमिक एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में प्रदेश मंत्री नरोत्तम साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी एवं जनकल्याणकारी नेतृत्व का ही परिणाम है कि आज गांव, गरीब, किसान और श्रमिक विकास की मुख्यधारा से जुड़ रहे हैं। उन्होंने बताया कि विकसित भारत–जी राम जी योजना ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाने, श्रमिकों और किसानों को सुनिश्चित एवं सम्मानजनक आजीविका प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
साहू ने कहा कि इस योजना के तहत ग्रामीण श्रमिकों और किसानों को बढ़ा हुआ रोजगार, समय पर तथा साप्ताहिक मजदूरी भुगतान की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार हो रहा है। इसके साथ ही यह योजना ग्रामीण आजीविका में स्थायित्व लाने और आत्मनिर्भर गांवों की नींव रखने का कार्य कर रही है।
उन्होंने आगे कहा कि विकसित भारत–जी राम जी मिशन का उद्देश्य केवल रोजगार उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि ग्रामीण समुदायों को सशक्त बनाना और उन्हें सम्मान के साथ जीवन यापन का अवसर देना है। यह योजना गांवों की आर्थिक मजबूती और आत्मनिर्भरता सुनिश्चित करने की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम साबित हो रही है।
चौपाल के दौरान नरोत्तम साहू ने केंद्र सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की भी जानकारी ग्रामीणों को दी और उनसे इन योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष संतोष यादव, आरटीआई जिला संयोजक रूपेश साहू सहित ग्राम पंचायत दबनई के बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। ग्राम चौपाल के माध्यम से ग्रामीणों में योजनाओं को लेकर उत्साह और जागरूकता देखने को मिली।