212 बटालियन सीआरपीएफ द्वारा विश्व रक्तदाता दिवस पर भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन, 65 कर्मियों ने किया रक्तदान

212 बटालियन सीआरपीएफ द्वारा 14 जून 2026 को विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। 212, 217 और 218 बटालियन तथा रेड क्रॉस सोसाइटी के संयुक्त प्रयास से आयोजित इस कार्यक्रम में लगभग 65 कर्मियों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। कार्यक्रम का उद्देश्य मानवता और जीवन रक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

Jun 14, 2026 - 16:47
 0  3
212 बटालियन सीआरपीएफ द्वारा विश्व रक्तदाता दिवस पर भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन, 65 कर्मियों ने किया रक्तदान

UNITED NEWS OF ASIA. नवीन चौधरी l 212 बटालियन सीआरपीएफ द्वारा दिनांक 14-06-2026 को विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। बल मुख्यालय से प्राप्त निर्देशों के अनुसार इस वर्ष भी विश्व रक्तदाता दिवस को विशेष रूप से मनाया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य मानवता की सेवा, स्वैच्छिक रक्तदान को बढ़ावा देना तथा समाज में जीवन रक्षा के प्रति जागरूकता फैलाना रहा।

इस वर्ष विश्व रक्तदाता दिवस की थीम “One Drop of Humanity. Give Blood, Save Lives” रखी गई, जिसका हिंदी भावार्थ “मानवता की एक बूँद। रक्तदान करें, जीवन बचाएँ” है। इस थीम के माध्यम से सभी को यह संदेश दिया गया कि रक्तदान एक महान मानवीय कार्य है, जो किसी भी जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचा सकता है।

कार्यक्रम के दौरान 212 बटालियन मुख्यालय में उपस्थित सभी अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी एवं जवानों ने रक्तदान की शपथ ली और नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर कोन्टा रेंज से संबद्ध 217 बटालियन के मुख्यालय में भी संयुक्त रूप से बड़ा रक्तदान शिविर आयोजित किया गया।

यह कार्यक्रम पुलिस उप महानिरीक्षक (परिचालन) रेंज कोन्टा के निर्देशन तथा 217 बटालियन के कमांडेंट के नेतृत्व में आयोजित किया गया। 212, 217 एवं 218 बटालियन तथा रेड क्रॉस सोसाइटी के संयुक्त सहयोग से यह शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। शिविर में लगभग 65 कर्मियों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया, जिनमें 212 बटालियन के 17 कर्मी शामिल रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ पुलिस उप महानिरीक्षक (परिचालन) रेंज कोन्टा द्वारा किया गया। उन्होंने उपस्थित सभी अधिकारियों और जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी को अपने परिवार, मित्रों, रिश्तेदारों और समाज में नियमित एवं स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलानी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि जब भी किसी जरूरतमंद को रक्त की आवश्यकता हो, तब बिना किसी भेदभाव और स्वार्थ के रक्तदान करना मानवता की सच्ची सेवा है।

इस अवसर पर चिकित्सा अधिकारी, द्वितीय कमान अधिकारी 217 बटालियन, द्वितीय कमान अधिकारी 212 बटालियन, उप कमांडेंट 212 बटालियन सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी और जवान उपस्थित रहे। सभी ने रक्तदान शिविर की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक पहल बताया।

कार्यक्रम के अंत में रेड क्रॉस सोसाइटी द्वारा सभी रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। साथ ही सभी उपस्थित लोगों के लिए जलपान की व्यवस्था भी की गई। यह आयोजन न केवल सफल रहा बल्कि इसने मानवता, सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी का एक सशक्त संदेश भी दिया।