आयुक्त सविता प्रधान का दीनदयाल रसोई पर औचक निरीक्षण, पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश
सिंगरौली में नगर निगम आयुक्त सविता प्रधान ने पुराने जिला चिकित्सालय के पास संचालित दीनदयाल रसोई का औचक निरीक्षण कर भोजन की गुणवत्ता, सफाई और खाद्यान्न संग्रहण की स्थिति की जांच की। उन्होंने जरूरतमंदों को ताज़ा और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने तथा रसोई के प्रचार-प्रसार को बढ़ाने के निर्देश दिए।
UNITED NEWS OF ASIA. आदर्श तिवारी, जिला सिंगरौली | दिनांक 28/11/2025, ब्यूरो चीफ आदर्श तिवारी। सिंगरौली में नगर निगम आयुक्त सविता प्रधान ने पुराने जिला चिकित्सालय के पास संचालित दीनदयाल रसोई का अचानक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने भोजन की गुणवत्ता, रसोई की साफ–सफाई और स्टोर रूम में रखे खाद्यान्न की स्थिति की बारीकी से जांच की। उन्होंने निर्देश दिए कि जरूरतमंद लोगों को शासन की गाइडलाइन के अनुरूप ताज़ा, गर्म और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाए ताकि गरीब, मजदूर और मरीजों के परिजनों को नाममात्र शुल्क में गुणवत्तापूर्ण भोजन मिल सके।
आयुक्त ने रसोई के प्रचार-प्रसार को और बढ़ाने पर भी जोर दिया ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद इस योजना का लाभ उठा सकें। निरीक्षण के दौरान रसोई परिसर में आवश्यक सुधार कार्यों के निर्देश भी दिए गए। इस दौरान डिप्टी कमिश्नर आरपी बैस सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।