राजस्व प्रकरणों और आवास निर्माण में लाएं तेजी, कलेक्टर गोपाल वर्मा ने दिए निर्देश

कवर्धा में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में कलेक्टर गोपाल वर्मा ने नक्शा बटांकन, राजस्व प्रकरणों के निराकरण, आयुष्मान-वय वंदना कार्ड निर्माण और प्रधानमंत्री आवास योजना के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

Jun 24, 2026 - 15:43
 0  2
राजस्व प्रकरणों और आवास निर्माण में लाएं तेजी, कलेक्टर गोपाल वर्मा ने दिए निर्देश

UNITED NEWS OF ASIA. कवर्धा में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में कलेक्टर गोपाल वर्मा ने विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को लंबित मामलों के त्वरित निराकरण और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए। बैठक में राजस्व, स्वास्थ्य, कृषि, पंचायत एवं ग्रामीण विकास सहित कई विभागों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।

कलेक्टर ने नक्शा बटांकन कार्य की तहसीलवार समीक्षा करते हुए कहा कि जिन क्षेत्रों में प्रगति अपेक्षाकृत कम है, वहां कार्य में तेजी लाई जाए। उन्होंने संबंधित पटवारियों के लिए दैनिक लक्ष्य निर्धारित करने और नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही अपर कलेक्टर को प्रगति की सतत समीक्षा करने के लिए कहा गया।

बैठक में एग्रीस्टेक योजना के अंतर्गत किसान पंजीयन की स्थिति पर भी चर्चा हुई। कलेक्टर ने तहसीलदारों को शेष किसानों का पंजीयन शीघ्र पूरा करने और फॉर्मर रजिस्ट्री में छूटे हुए खसरों का अद्यतन कार्य प्राथमिकता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को योजनाओं का लाभ समय पर मिले, इसके लिए सभी आवश्यक प्रक्रियाएं शीघ्र पूरी की जानी चाहिए।

राजस्व न्यायालयों में लंबित प्रकरणों पर चिंता व्यक्त करते हुए कलेक्टर ने सभी तहसीलदारों को समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों से जुड़े मामलों में अनावश्यक देरी स्वीकार्य नहीं है और लोगों को राजस्व सेवाओं का लाभ समय पर मिलना चाहिए।

सुशासन तिहार के दौरान प्राप्त आवेदनों की विभागवार समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर सभी लंबित मामलों का निराकरण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि शिकायतों और आवेदनों के त्वरित समाधान से ही शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रभावशीलता सुनिश्चित हो सकती है।

सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने अधिकारियों को प्रतिदिन अपने डैशबोर्ड का अवलोकन करने और लंबित शिकायतों का तत्काल निराकरण करने को कहा। उन्होंने अधीनस्थ कर्मचारियों को भी सक्रिय रूप से शिकायतों के समाधान में शामिल करने के निर्देश दिए।

बैठक में आयुष्मान भारत कार्ड और वय वंदना कार्ड निर्माण की धीमी प्रगति पर असंतोष व्यक्त करते हुए कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामवार लंबित हितग्राहियों की सूची तैयार कर महिला एवं बाल विकास विभाग के सहयोग से पात्र लोगों तक पहुंचने और लक्ष्य की शीघ्र पूर्ति सुनिश्चित करने को कहा।

प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत स्वीकृत आवासों के निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित समयावधि में आवास पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों को शीघ्र आवास उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक अग्रवाल, एडीएम विनय पोयाम, सभी एसडीएम, तहसीलदार तथा विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।