पिता और इकलौते पुत्र की एक साथ मौत से क्षेत्र में शोक, कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद

गौरझामर के वरिष्ठ शिक्षक भोलेनाथ प्रजापति और उनके 9 वर्षीय पुत्र लक्ष्य प्रजापति की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। पिता-पुत्र के एक साथ निधन से गौरझामर, देवरी और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।

Jun 24, 2026 - 15:34
 0  2
पिता और इकलौते पुत्र की एक साथ मौत से क्षेत्र में शोक, कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद

UNITED NEWS OF ASIA. योगेश विश्वकर्मा, देवरी l सागर जिले के देवरी क्षेत्र में एक हृदयविदारक घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। गौरझामर स्थित सरस्वती शिशु मंदिर के वरिष्ठ आचार्य भोलेनाथ प्रजापति और उनके इकलौते पुत्र लक्ष्य प्रजापति का एक साथ निधन हो जाने से परिवार सहित पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। इस दुखद घटना ने न केवल परिजनों बल्कि शिक्षकों, विद्यार्थियों और स्थानीय नागरिकों को भी गहरे सदमे में डाल दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार भोलेनाथ प्रजापति मंगलवार रात एक विवाह समारोह में शामिल होकर घर लौटे थे। देर रात करीब तीन बजे उनकी अचानक तबीयत बिगड़ गई। इसी दौरान उनके 9 वर्षीय पुत्र लक्ष्य प्रजापति को भी उल्टियां होने लगीं। स्थिति गंभीर होते देख परिजनों ने तत्काल प्राथमिक उपचार की व्यवस्था की और 108 एंबुलेंस की सहायता से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवरी पहुंचाया।

चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए बीएमसी सागर रेफर कर दिया। लेकिन दुर्भाग्यवश अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में पिता और पुत्र दोनों ने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिवार और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

परिजनों के अनुसार बालक लक्ष्य के मुंह से झाग निकलने की भी जानकारी सामने आई है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम कराया गया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही घटना के कारणों की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी।

भोलेनाथ प्रजापति लंबे समय से सरस्वती शिशु मंदिर गौरझामर में वरिष्ठ आचार्य के रूप में सेवाएं दे रहे थे। वे अपने सरल स्वभाव, अनुशासन और शिक्षा के प्रति समर्पण के लिए क्षेत्र में सम्मानित व्यक्तित्व माने जाते थे। मूल रूप से देवरी निवासी भोलेनाथ अपने कार्य के कारण गौरझामर में निवास करते थे।

उनके परिवार में पत्नी, तीन बेटियां और एकमात्र पुत्र लक्ष्य प्रजापति थे। इकलौते पुत्र के साथ पिता की असामयिक मृत्यु ने परिवार को गहरे दुख में डुबो दिया है। परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे क्षेत्र में संवेदनाओं का दौर जारी है।

घटना के बाद शिक्षकों, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों तथा स्थानीय नागरिकों ने दिवंगत पिता-पुत्र को श्रद्धांजलि अर्पित की। अनेक लोगों ने परिवार के घर पहुंचकर शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं और इस कठिन समय में परिवार को धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की।

गौरझामर, देवरी और आसपास के क्षेत्रों में इस दुखद घटना की चर्चा है। सभी लोग पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं, जिससे इस रहस्यमयी घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सके। फिलहाल पूरा क्षेत्र पिता और पुत्र के निधन पर शोकमग्न है और दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना कर रहा है।