कवर्धा में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का ‘तेजस्विनी युवती सम्मेलन’ संपन्न, 800 से अधिक छात्राओं और युवतियों ने लिया भाग
छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले के कवर्धा स्थित पीजी कॉलेज में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की ओर से ‘तेजस्विनी युवती सम्मेलन’ का आयोजन किया गया। 12 अक्टूबर 2026 को आयोजित इस सम्मेलन में 800 से अधिक छात्राओं और युवतियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, आत्मनिर्भरता, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र निर्माण में युवतियों की भूमिका पर विचार साझा किए गए। अतिथियों ने युवतियों को आत्मविश्वास के साथ सामाजिक चुनौतियों का सामना करने और सकारात्मक बदलाव में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कवर्धा l अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, जिला कबीरधाम के तत्वावधान में दिनांक 12 अक्टूबर 2026, सोमवार को पीजी कॉलेज, कवर्धा में ‘तेजस्विनी युवती सम्मेलन’ का भव्य आयोजन किया गया। इस सम्मेलन में 800 से अधिक संख्या में पिपरिया , बोड़ला, पांडातराई, पंडरिया, लोहारा की छात्राओं एवं युवतियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम का उद्देश्य युवतियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, सामाजिक जागरूकता एवं राष्ट्र निर्माण के प्रति दायित्वबोध को सुदृढ़ करना रहा।
कार्यक्रम में प्रमुख उपस्थिति के रूप में समाज सेविका श्रीमती रश्मि शर्मा, परिषद वक्ता एवं प्रांत सहमंत्री कु. मनीषा राणा, लोहारा महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. के. एस. परिहार तथा राष्ट्रपति पदक के लिए चयनित सुश्री रीना शर्मा उपस्थित रहीं। वहीं स्वागत समिति की अध्यक्ष डॉ. संगीता जैन एवं सम्मेलन की सचिव सारिका देवांगन सहित आयोजन समिति के सदस्यों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती माता और स्वामी विवेकानंद जी के छायाचित्र पर दीप प्रचलन के साथ हुआ, फिर डॉक्टर संगीता जैन ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन देते हुए सबका स्वागत किया ।
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रश्मि शर्मा ने नारी शक्ति, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, आत्मनिर्भरता, सामाजिक सहभागिता एवं राष्ट्र निर्माण में युवतियों की भूमिका पर अपने विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि आज की युवतियां केवल परिवार और समाज की आधारशिला ही नहीं, बल्कि देश के भविष्य को दिशा देने वाली सशक्त नेतृत्वकर्ता भी हैं। शिक्षा, संस्कार, साहस और आत्मविश्वास के बल पर वे प्रत्येक क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परिचय दे रही हैं।
परिषद वक्ता कु. मनीषा राणा ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद सदैव विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, व्यक्तित्व निर्माण और राष्ट्रहित के कार्यों के लिए प्रतिबद्ध रही है। ‘तेजस्विनी युवती सम्मेलन’ जैसे आयोजन युवतियों को अपनी क्षमताओं को पहचानने, सामाजिक चुनौतियों के प्रति जागरूक होने तथा सकारात्मक परिवर्तन का नेतृत्व करने की प्रेरणा देते हैं।
कार्यक्रम में उपस्थित छात्राओं एवं युवतियों ने सम्मेलन के माध्यम से नारी सम्मान, समान अवसर, आत्मनिर्भरता और समाज में सकारात्मक योगदान देने का संकल्प लिया। पूरे आयोजन के दौरान उत्साह, ऊर्जा और राष्ट्रभावना का वातावरण देखने को मिला।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, जिला कबीरधाम ने सम्मेलन में उपस्थित सभी अतिथियों, छात्राओं, युवतियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि युवतियों की प्रतिभा को मंच प्रदान करना और उन्हें राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ना परिषद की प्राथमिकताओं में शामिल है।
“नारी शक्ति का सम्मान हो, हर बेटी का उत्थान हो।
शिक्षित, सशक्त और आत्मनिर्भर नारी से ही राष्ट्र का अभ्युदय हो।”
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रीय गीत के साथ हुआ l