शिवनंदनपुर-बिश्रामपुर की रेल संघर्ष समिति के प्रतिनिधियों ने लक्ष्मी राजवाड़े से मुलाकात कर उन्हें अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि बिश्रामपुर क्षेत्र में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, कर्मचारी, व्यापारी, मरीज और अन्य नागरिक रहते हैं, जिन्हें दिल्ली सहित देश के प्रमुख शहरों तक आवागमन के लिए कई परेशानियों का सामना करना पड़ता है। क्षेत्र में प्रमुख ट्रेन के नियमित ठहराव से यात्रियों को काफी सुविधा मिल सकती है।
रेल संघर्ष समिति के प्रतिनिधियों ने बताया कि बिश्रामपुर रेलवे स्टेशन पर अंबिकापुर–हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस का नियमित ठहराव होने से क्षेत्र के लोगों को सीधे और सुविधाजनक रेल आवागमन का लाभ मिलेगा। इससे विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और उपचार के लिए बाहर जाने वाले मरीजों को विशेष सुविधा मिलने की उम्मीद है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए लक्ष्मी राजवाड़े ने रेलवे के संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर चर्चा की। उन्होंने बिश्रामपुर क्षेत्र की जनसंख्या, यात्रियों की आवश्यकता और जनसुविधा को ध्यान में रखते हुए ट्रेन के नियमित ठहराव की मांग पर सकारात्मक रूप से विचार करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के नागरिकों की सुविधा से जुड़े विषयों को प्राथमिकता के साथ संबंधित विभागों के समक्ष रखा जा रहा है।
लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि बिश्रामपुर में अंबिकापुर–हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस का नियमित ठहराव होने से यात्रियों को दिल्ली और अन्य प्रमुख स्थानों तक आवागमन में सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापार से जुड़ी गतिविधियों को भी इसका लाभ मिल सकता है। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े ऐसे मामलों में संबंधित विभागों और अधिकारियों के साथ लगातार समन्वय कर आवश्यक पहल की जा रही है।
रेल संघर्ष समिति के प्रतिनिधियों ने ट्रेन के नियमित ठहराव की मांग को लेकर तत्काल पहल किए जाने पर लक्ष्मी राजवाड़े के प्रति आभार व्यक्त किया। समिति ने उम्मीद जताई कि रेलवे की ओर से क्षेत्र की यात्रियों की आवश्यकता को देखते हुए इस मांग पर सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा। बिश्रामपुर में इस ट्रेन के नियमित ठहराव से सूरजपुर जिले के साथ आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को भी बेहतर रेल सुविधा मिलने की संभावना है।