ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ और हर पंचायत को सशक्त बनाने भाजपा सरकार प्रतिबद्ध : विधायक भावना बोहरा
पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने कहा कि भाजपा सरकार ग्रामीण, आदिवासी व वनांचल क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और सुदृढ़ीकरण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। स्वस्थ पंचायत एवं जन संवाद सम्मेलन के माध्यम से स्वास्थ्य योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाया जा रहा है।
UNITED NEWS OF ASIA. कवर्धा/पंडरिया। ग्रामीण, आदिवासी एवं वनांचल क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़, सुव्यवस्थित और हर ग्राम पंचायत को सशक्त बनाने के लिए छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। यह बात पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण समिति के तत्वावधान में आयोजित विकासखंड स्तरीय स्वस्थ पंचायत एवं जन संवाद सम्मेलन को संबोधित करते हुए कही।
यह सम्मेलन सामुदायिक भवन पंडरिया, वीर सावरकर भवन कवर्धा एवं मंगल भवन सहसपुर लोहारा में आयोजित किया गया, जिसमें विधायक भावना बोहरा ने जनता से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों के माध्यम से उनके निराकरण के निर्देश दिए। इस अवसर पर ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को जन-जन तक पहुँचाने में अहम भूमिका निभा रहीं मितानिन माताओं-बहनों को सम्मानित कर उनका अभिनंदन भी किया गया।
विधायक भावना बोहरा ने कहा कि पंडरिया विधानसभा के ग्रामीण एवं आदिवासी वनांचल क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। भाजपा सरकार द्वारा आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र परिवारों को ₹5 लाख तक का निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे गरीब, आदिवासी और जरूरतमंद परिवारों को बड़ी राहत मिली है।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, उप-स्वास्थ्य केंद्रों एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को आवश्यक संसाधनों और सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें।
मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को लेकर विधायक ने कहा कि जननी सुरक्षा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान जैसे कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। इसके अंतर्गत गर्भवती महिलाओं की नियमित जांच, सुरक्षित प्रसव और पोषण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। छत्तीसगढ़ की पहचान बन चुकी मितानिन दीदियाँ, आशा कार्यकर्ता और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ग्रामीण व वनांचल क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की मजबूत कड़ी हैं, जिनके माध्यम से टीकाकरण, पोषण जागरूकता और प्राथमिक उपचार की सेवाएं घर-घर तक पहुँच रही हैं।
भावना बोहरा ने आगे कहा कि स्वस्थ पंचायत एवं जन संवाद सम्मेलन न केवल स्वास्थ्य अभियानों को गति दे रहा है, बल्कि जनता से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं के समाधान और स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। इसके साथ ही स्वच्छ भारत मिशन, जल जीवन मिशन और पोषण अभियान को स्वास्थ्य से जोड़कर प्रभावी ढंग से लागू किया जा रहा है।
वनांचल क्षेत्रों की भौगोलिक चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए मोबाइल मेडिकल यूनिट, एम्बुलेंस सेवाएं और दूरस्थ बस्तियों में स्वास्थ्य शिविरों का विस्तार किया जा रहा है, ताकि हर व्यक्ति तक इलाज की सुविधा पहुँच सके। उन्होंने कहा कि पंडरिया विधानसभा में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर हम पूरी तरह संकल्पित हैं और आने वाले समय में ग्रामीण व आदिवासी अंचलों में स्वास्थ्य ढांचे को और अधिक मजबूत किया जाएगा।
कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि, मितानिन माताएं-बहनें एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।