घीना शिविर में सुशासन तिहार के तहत 450 आवेदनों का मौके पर समाधान, ग्रामीणों को मिली बड़ी राहत
बालोद जिले के डौण्डीलोहारा विकासखंड के ग्राम घीना में आयोजित सुशासन तिहार 2026 जनसमस्या निवारण शिविर में 906 आवेदनों में से 450 का मौके पर निराकरण किया गया। शिविर में ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं का लाभ दिया गया तथा स्वामित्व योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान कार्ड सहित कई सेवाओं का वितरण किया गया।
UNITED NEWS OF ASIA. सुनील साहू, बालोद l छत्तीसगढ़ सरकार के सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत डौण्डीलोहारा विकासखंड के ग्राम घीना में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर ग्रामीणों के लिए राहत और सुविधाओं का केंद्र बना। इस शिविर में घीना सहित 25 ग्राम पंचायतों से हजारों ग्रामीणों ने भाग लिया और अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं। शिविर का आयोजन शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल मैदान में किया गया, जहां बड़ी संख्या में लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया।
शिविर में जिला पंचायत सीईओ सुनील चंद्रवंशी, जनपद अध्यक्ष कांति सोनबरसा, जिला पंचायत सदस्य गुलशन हिरवानी, एसडीएम शिवनाथ बघेल सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों द्वारा हितग्राहियों को स्वामित्व योजना के अधिकार अभिलेख, प्रधानमंत्री आवास योजना के पूर्णता प्रमाण पत्र, मनरेगा जॉब कार्ड, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड तथा मत्स्य पालन योजना के अंतर्गत जाल एवं आईस बॉक्स वितरित किए गए। इससे ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
शिविर में विशेष पहल के तहत दिव्यांगजनों के लिए मेडिकल बोर्ड लगाया गया, जिसमें पात्र व्यक्तियों को दिव्यांगता प्रमाण पत्र जारी किए गए। साथ ही बच्चों के लिए अन्नप्राशन संस्कार का आयोजन किया गया और गर्भवती माताओं की गोदभराई की गई। इसके अलावा 20 किशोरी बालिकाओं को स्वच्छता किट वितरित की गई, जिससे स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ी।
प्रशासनिक जानकारी के अनुसार शिविर में कुल 906 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 450 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण कर दिया गया। विभागवार देखें तो खाद्य विभाग के 41 में से 13 आवेदन, समाज कल्याण विभाग के 62 में से 50 आवेदन तथा श्रम विभाग के सभी 19 आवेदनों का तत्काल समाधान किया गया। शेष आवेदनों पर प्रक्रिया जारी है।
जिला पंचायत सीईओ सुनील चंद्रवंशी ने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य शासन को सीधे जनता के द्वार तक पहुंचाना है, जिससे समस्याओं का त्वरित समाधान हो सके। उन्होंने नीर चेतना अभियान के तहत जल संरक्षण, भूजल संवर्धन और ग्रीष्मकालीन धान के स्थान पर दलहन-तिलहन फसल अपनाने की अपील की। साथ ही उन्होंने जनगणना 2027 के प्रथम चरण में सही और सटीक जानकारी उपलब्ध कराने का आग्रह किया।
जनपद अध्यक्ष कांति सोनबरसा ने शिविर की सराहना करते हुए ग्रामीणों को जल संरक्षण और बाल विवाह रोकथाम की शपथ दिलाई। वहीं जिला पंचायत सदस्य गुलशन हिरवानी ने अधिकारियों से आवेदनों पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही, ताकि ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ शीघ्र मिल सके।
शिविर में डिप्टी कलेक्टर प्राची ठाकुर, तहसीलदार हिंसाराम नायक, जनपद पंचायत सीईओ पंकज देव, सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। इस आयोजन से ग्रामीणों में संतोष और उत्साह का माहौल देखने को मिला और शासन की योजनाओं के प्रति भरोसा और मजबूत हुआ।