कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका और मितानिन दीदी की अगुवाई में महिलाओं से सीधे संवाद किया गया। दैनिक जीवन में छोटे-छोटे बदलाव अपनाकर गर्भवती महिला और बच्चे को स्वस्थ रखने के उपायों की जानकारी दी गई। गर्भावस्था के दौरान नियमित स्वास्थ्य जांच, आवश्यक टीकाकरण और चिकित्सकीय परामर्श लेने पर भी जोर दिया गया।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत पंडरिया के सभापति अश्वनी यदु और दामापुर ग्राम पंचायत के सरपंच बहादुर खान अतिथि के रूप में शामिल हुए। अश्वनी यदु ने कहा कि आंगनबाड़ी उत्सव के माध्यम से महिलाओं तक स्वास्थ्य, पोषण और सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गर्भवती महिलाओं को बिना संकोच स्वास्थ्य कर्मियों के संपर्क में रहना चाहिए और समय पर आवश्यक जांच करानी चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को अंधविश्वास के कारण गर्भावस्था की जानकारी छिपाने से होने वाली संभावित स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को लेकर भी जागरूक किया गया। अश्वनी यदु ने कहा कि गर्भावस्था की जानकारी समय पर स्वास्थ्य कर्मियों को देने और नियमित जांच कराने से मां और बच्चे के स्वास्थ्य की बेहतर निगरानी की जा सकती है। उन्होंने महिलाओं से चिकित्सकीय सलाह को प्राथमिकता देने की अपील की।
आंगनबाड़ी केंद्र में पोषण संबंधी सामग्री की प्रदर्शनी भी लगाई गई। इसमें मुनगा भाजी, सोयाबीन बड़ी, अंकुरित चना, अंकुरित मूंग और तिनपनिया भाजी सहित स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पौष्टिक खाद्य पदार्थों को प्रदर्शित किया गया। महिलाओं को बताया गया कि संतुलित और पौष्टिक आहार गर्भावस्था के दौरान मां और बच्चे के स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण है।
बहादुर खान ने कहा कि ग्राम पंचायत की प्राथमिकता है कि आंगनबाड़ी केंद्रों में महिलाओं और बच्चों को आवश्यक सुविधाएं समय पर मिलें। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका और मितानिन द्वारा गर्भवती महिलाओं से संपर्क कर उन्हें योजनाओं और स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी देने की बात कही।
कार्यक्रम में महिलाओं को प्रसव के दौरान मिलने वाले सरकारी लाभ और विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी गई। इसके साथ ही सुकन्या योजना और जनधन योजना सहित अन्य योजनाओं के बारे में बताया गया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका ने पात्र महिलाओं को योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक प्रक्रिया की जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली मितानिन, सहायिका और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं बच्चों के स्वस्थ पालन-पोषण और देखभाल के प्रति जागरूक माताओं को भी प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन ग्राम पंचायत के पंच नारायण साहू ने किया। इस अवसर पर पंचायत के पंच, मास्टर ट्रेनर उतरा बनर्जी, रोजगार सहायक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, मितानिन दीदी, महिलाएं, बच्चे और ग्रामीणजन मौजूद रहे।