उपमुख्यमंत्री अरुण साव से मिले अनिल मानिकपुरी, अंबागढ़ चौकी के विकास कार्यों के लिए सौंपा ज्ञापन

अंबागढ़ चौकी नगर पंचायत अध्यक्ष अनिल मानिकपुरी ने उपमुख्यमंत्री अरुण साव से मुलाकात कर नगर के विभिन्न विकास कार्यों के लिए अनुदान और स्वीकृति की मांग की। उन्होंने चौपाटी, रैन बसेरा, कॉम्प्लेक्स निर्माण, सड़क-नाली सहित कई योजनाओं पर चर्चा की।

Jul 19, 2026 - 17:28
 0  7
उपमुख्यमंत्री अरुण साव से मिले अनिल मानिकपुरी, अंबागढ़ चौकी के विकास कार्यों के लिए सौंपा ज्ञापन

UNITED NEWS OF ASIA. जावेद खान, मानपुर l अंबागढ़ चौकी नगर पंचायत के सर्वांगीण विकास को गति देने के उद्देश्य से नगर पंचायत अध्यक्ष अनिल मानिकपुरी ने राजधानी रायपुर में उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव से मुलाकात कर विभिन्न विकास कार्यों के लिए विस्तृत चर्चा की। इस दौरान उन्होंने नगर की प्रमुख आवश्यकताओं से संबंधित मांगों का ज्ञापन सौंपते हुए राज्य परिवर्तित योजना, 15वें वित्त आयोग तथा अधोसंरचना मद से आवश्यक अनुदान एवं स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया।

मुलाकात के दौरान अनिल मानिकपुरी ने नगर में जल आवर्धन योजना के तहत इंटेकवेल निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण की मंजूरी और किसानों को मुआवजा देने हेतु आवश्यक राशि उपलब्ध कराने की मांग रखी। उन्होंने नालंदा परिसर तथा एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) निर्माण की स्वीकृति मिलने पर राज्य सरकार और नगरीय प्रशासन विभाग के प्रति आभार भी व्यक्त किया।

नगर अध्यक्ष ने बताया कि अंबागढ़ चौकी से होकर प्रदेश की जीवनदायिनी शिवनाथ नदी प्रवाहित होती है और नगर के समीप स्थित एनीकट क्षेत्र को पर्यटन एवं मनोरंजन केंद्र के रूप में विकसित किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि यहां चौपाटी निर्माण से नगर का सौंदर्य बढ़ेगा, नागरिकों को बेहतर मनोरंजन स्थल मिलेगा तथा स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे। इसके लिए राज्य प्रवर्तित योजना के अंतर्गत 50 लाख रुपये की राशि स्वीकृत करने का अनुरोध किया गया।

इसके साथ ही उन्होंने नगर के बस स्टैंड क्षेत्र में रैन बसेरा निर्माण की आवश्यकता बताते हुए लगभग 30 लाख रुपये की स्वीकृति देने की मांग की। उनका कहना था कि नगर में बाहर से आने वाले यात्रियों और जरूरतमंद लोगों के लिए रैन बसेरा जैसी सुविधा का होना आवश्यक है।

अनिल मानिकपुरी ने नगर पंचायत की आर्थिक स्थिति का भी उल्लेख करते हुए बताया कि सीमित आय के कारण कई बार कर्मचारियों को समय पर वेतन देना भी चुनौती बन जाता है। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत की आय बढ़ाने के लिए व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स का निर्माण जरूरी है। इसी उद्देश्य से नया और पुराना बस स्टैंड, परमेश्वरी नगर, टाउन हॉल के समीप तथा पालिका बाजार क्षेत्र में कॉम्प्लेक्स निर्माण के लिए स्वीकृति और वित्तीय सहायता की मांग की गई। उनका कहना था कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से नगर पंचायत आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ेगी और राजस्व में वृद्धि होगी।

नगर अध्यक्ष ने 15वें वित्त आयोग और अधोसंरचना मद के अंतर्गत नगर में सड़क एवं नाली निर्माण सहित अन्य विकास कार्यों के लिए भी स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया। उन्होंने नवीन बस स्टैंड क्षेत्र में सड़क और नाली निर्माण, आईटीआई तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जाने वाले मुख्य मार्ग का उन्नयन और विभिन्न वार्डों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए विशेष अनुदान उपलब्ध कराने की मांग रखी।

मुलाकात के दौरान उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने नगर पंचायत अध्यक्ष की मांगों को गंभीरता से सुना और भरोसा दिलाया कि प्राथमिकता के आधार पर विकास कार्यों का परीक्षण कर चरणबद्ध तरीके से स्वीकृतियां प्रदान की जाएंगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार नगरीय निकायों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है और आवश्यक परियोजनाओं को प्राथमिकता दी जाएगी।

अनिल मानिकपुरी ने उपमुख्यमंत्री को अंबागढ़ चौकी नगर और नवगठित मोहला-मानपुर-चौकी जिले के दौरे का निमंत्रण भी दिया। उन्होंने बताया कि उपमुख्यमंत्री के कार्यकाल में नगरीय विकास, लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी और खेल विभाग के माध्यम से अनेक महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं, लेकिन नए जिले में उनका अब तक आधिकारिक दौरा नहीं हो सका है। ऐसे में क्षेत्र की जनता चाहती है कि वे स्वयं अंबागढ़ चौकी आकर विकास कार्यों का अवलोकन करें और नई योजनाओं की सौगात दें।

नगर पंचायत अध्यक्ष ने विश्वास जताया कि राज्य सरकार के सहयोग से अंबागढ़ चौकी में आधारभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार होगा और नगर को विकास की नई दिशा मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित परियोजनाओं के पूरा होने से नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ-साथ रोजगार, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को भी नया प्रोत्साहन मिलेगा।