“विकसित छत्तीसगढ़” संकल्प बजट 2026-27: सुकमा के सर्वांगीण विकास की मजबूत नींव — अरुण सिंह भदौरिया

सुकमा जिला के विकास को लेकर प्रस्तुत संकल्प बजट 2026-27 पर भाजपा नेता अरुण सिंह भदौरिया ने मुख्यमंत्री और वित्त मंत्री का आभार जताते हुए कहा कि यह बजट सुरक्षा, शिक्षा, अधोसंरचना और रोजगार के नए अवसर सृजित करेगा। जगरगुंडा एजुकेशन सिटी, पुलिस थाना, पुल निर्माण और बस्तर फाइटर में भर्ती जैसे प्रावधान सुकमा को नई दिशा देंगे।

Feb 25, 2026 - 19:50
 0  4
“विकसित छत्तीसगढ़” संकल्प बजट 2026-27: सुकमा के सर्वांगीण विकास की मजबूत नींव — अरुण सिंह भदौरिया

UNITED NEWS OF ASIA.रिगेंट गिरी, सुक्मा | प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में तथा वित्त मंत्री ओपी चौधरी द्वारा विधानसभा में प्रस्तुत वर्ष 2026-27 का संकल्प आधारित बजट “विकसित छत्तीसगढ़” के विजन को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

इस बजट का स्वागत करते हुए भाजपा नेता अरुण सिंह भदौरिया ने कहा कि यह बजट नीति, न्याय, निवेश, निर्माण और नवाचार के पंचतत्वों पर आधारित है और सुशासन की प्रतिबद्धता को और अधिक मजबूत करता है। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि बजट में सुकमा जिला को दी गई प्राथमिकता से जिले के सर्वांगीण विकास को नई गति मिलेगी।

अरुण सिंह भदौरिया ने बताया कि नक्सल प्रभावित क्षेत्र सिलगेर में नवीन पुलिस थाने की स्थापना को स्वीकृति मिलने से क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ होगी और आम नागरिकों में विश्वास का माहौल बनेगा। इसके साथ ही सुरक्षा और स्थानीय सहभागिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बस्तर फाइटर में 1500 नए पदों की स्वीकृति दी गई है। इससे स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे और सामाजिक जागरूकता को भी बल मिलेगा।

शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ी पहल करते हुए जगरगुंडा को शिक्षा के केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए एजुकेशन सिटी की स्थापना हेतु 50 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। अरुण सिंह भदौरिया ने कहा कि यह पहल तथाकथित नक्सल प्रभावित क्षेत्र को शिक्षा और विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का सशक्त माध्यम बनेगी। इससे विद्यार्थियों को आधुनिक शैक्षणिक संसाधन मिलेंगे और शिक्षा की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार होगा।

ग्रामीण अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में कुन्ना से मिचवार तक पुल निर्माण परियोजना के लिए 7 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। इससे वर्षा ऋतु में भी आवागमन सुगम होगा और ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर संपर्क सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही खेल अधोसंरचना के विकास के अंतर्गत स्टेडियम निर्माण की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल की गई है, जिससे युवाओं को खेल और फिटनेस से जोड़ने का अवसर मिलेगा।

भाजपा नेता अरुण सिंह भदौरिया ने कहा कि वर्ष 2026-27 का यह बजट शिक्षा, अधोसंरचना, सुरक्षा और सामाजिक विकास के नए आयाम स्थापित करेगा तथा सुकमा को विकसित छत्तीसगढ़ के लक्ष्य की ओर तेजी से अग्रसर करेगा।

बॉक्स | आभार व्यक्त किया जगरगुंडा में एजुकेशन सिटी की स्वीकृति के लिए अरुण सिंह भदौरिया ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, वित्त मंत्री ओपी चौधरी, प्रभारी मंत्री केदार कश्यप तथा बस्तर सांसद महेश कश्यप के प्रति आभार व्यक्त किया।
उन्होंने विश्वास जताया कि यह बजट प्रदेश को समृद्धि और आत्मनिर्भरता की नई ऊंचाइयों तक ले जाने में निर्णायक भूमिका निभाएगा