कबीरधाम पुलिस ने इंस्टाग्राम हैकिंग और भड़काऊ पोस्ट करने वाले आरोपी को नागपुर से किया गिरफ्तार
कबीरधाम पुलिस ने सतनामी समाज के विरुद्ध भड़काऊ टिप्पणी और अशोभनीय पोस्ट करने वाले आरोपी को नागपुर से गिरफ्तार किया। आरोपी पीड़िता की इंस्टाग्राम आईडी का पासवर्ड चुराकर आपत्तिजनक पोस्ट कर रहा था। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को पकड़कर न्यायालय में पेश किया।
UNITED NEWS OF ASIA. कबीरधाम | जिले के लोहारा थाना क्षेत्र में सतनामी समाज के विरुद्ध भड़काऊ टिप्पणी और इंस्टाग्राम पर अश्लील पोस्ट करने के मामले में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई की है। ग्राम भिभौरी निवासी आवेदिका ने आवेदन देकर बताया कि मोबाइल नंबर 7058432636 के धारक ने उनकी इंस्टाग्राम आईडी का पासवर्ड प्राप्त कर न केवल समाज विशेष के खिलाफ भड़काऊ टिप्पणियां कीं, बल्कि उनके फोटो पर अशोभनीय शब्द लिखकर सोशल मीडिया पर अपलोड भी किया। शिकायत की गंभीरता को देखते हुए थाना लोहारा पुलिस ने अपराध क्रमांक 209/25 धारा 296, 299, 352 बीएनएस तथा 65 आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
घटना की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को देने के बाद पुलिस अधीक्षक कबीरधाम धर्मेन्द्र सिंह (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र बघेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी प्रतीक चतुर्वेदी के निर्देशन में तत्काल एक विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी जानकारी, मोबाइल लोकेशन और सतत् खोजबीन के आधार पर टीम ने आरोपी सागर बारा पात्रे, पिता रामचंद्र बारा पात्रे, उम्र 35 वर्ष, निवासी लकड़गंज, नागपुर को उसके घर से गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपी ने पीड़िता की इंस्टाग्राम आईडी का पासवर्ड लेकर समाज विशेष के खिलाफ टिप्पणी करने और उनके फोटो पर अशोभनीय शब्द लिखकर अपलोड करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन जब्त किया। उसे विधिसंगत धाराओं के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर माननीय न्यायालय कवर्धा में प्रस्तुत किया गया। इस सफल कार्रवाई में एएसआई आशीष सिंह एवं प्रधान आरक्षक 381 शमशेर अली का महत्वपूर्ण योगदान रहा।