कोरबा में स्वच्छता का महाअभियान शुरू, महापौर संजू देवी राजपूत व आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने किया निरीक्षण

कोरबा में नगर निगम द्वारा 25 फरवरी से स्वच्छता महाअभियान की शुरुआत की गई। अभियान के पहले दिन वार्ड क्रमांक 01 रामसागरपारा और वार्ड क्रमांक 04 राताखार में मेगा स्वच्छता ड्राइव चलाई गई, जिसमें महापौर संजू देवी राजपूत एवं आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने पैदल भ्रमण कर सफाई कार्यों का निरीक्षण किया।

Feb 25, 2026 - 19:56
 0  5
कोरबा में स्वच्छता का महाअभियान शुरू, महापौर संजू देवी राजपूत व आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने किया निरीक्षण

UNITED NEWS OF ASIA. भूपेंद्र साहू, कोरबा | नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा वार्डों एवं बस्तियों की सम्पूर्ण सफाई के उद्देश्य से 25 फरवरी से नगर निगम क्षेत्र में स्वच्छता का महाअभियान प्रारंभ किया गया। अभियान के प्रथम दिन वार्ड क्रमांक 01 रामसागरपारा एवं वार्ड क्रमांक 04 राताखार में मेगा स्वच्छता ड्राइव संचालित की गई।

इस अवसर पर महापौर संजू देवी राजपूत एवं आयुक्त आशुतोष पाण्डेय दोनों वार्डों में पहुंचे और गली-गली, बस्ती-बस्ती पैदल भ्रमण कर वृहद स्तर पर किए जा रहे साफ-सफाई कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को बस्तियों की गलियों, सड़कों एवं नालियों की पूर्ण सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही रहवासियों से अपील की कि सड़क व नालियों में कचरा न डालें तथा घर से निकलने वाला कचरा केवल स्वच्छता दीदियों के रिक्शों में ही दें।

महापौर एवं आयुक्त के मार्गदर्शन में रामसागरपारा और राताखार क्षेत्र की विभिन्न बस्तियों, मोहल्लों, मुख्य व संपर्क सड़कों तथा नालियों में व्यापक स्तर पर सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान नालियों पर रखी स्लैब हटाकर सतह से सफाई, सड़क किनारे जमी धूल-मिट्टी व झाड़ियों की सफाई, कचरे का त्वरित उठाव एवं परिवहन तथा कीटनाशक दवाओं व ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव किया गया।

डोर-टू-डोर संपर्क

निरीक्षण के दौरान महापौर एवं आयुक्त ने बस्तीवासियों से सीधे संवाद कर डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था, नियमित सफाई, सड़क, नाली, स्ट्रीट लाइट एवं पेयजल से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। लोगों की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को तत्काल निराकरण के निर्देश दिए गए। अधिकांश रहवासियों ने नियमित रिक्शा सेवा एवं सफाई व्यवस्था को लेकर संतोष व्यक्त किया।

गोठान से गंदगी फैलाने पर नोटिस

राताखार बस्ती के अंदरूनी क्षेत्र में भ्रमण के दौरान पाया गया कि कुछ गोठानों से निकलने वाला गोबर, मूत्र व अन्य अपशिष्ट पानी के साथ सड़कों पर बहाया जा रहा है। इस पर आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने संबंधित पशुपालकों को नोटिस जारी करने एवं आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने गोठान संचालकों को अपशिष्ट का उचित प्रबंधन करने की सख्त हिदायत भी दी।

सी एंड डी वेस्ट पर सख्ती

भ्रमण के दौरान कई स्थानों पर सड़कों और सार्वजनिक स्थलों पर सी एंड डी वेस्ट तथा निर्माण सामग्री डम्प पाई गई। इस पर आयुक्त ने संबंधित लोगों पर कार्रवाई करने और सामग्री तत्काल हटाने के निर्देश दिए। बिना अनुमति किए जा रहे निर्माण कार्यों को भी चिन्हित कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

26 फरवरी को इन वार्डों में अभियान

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 26 फरवरी को वार्ड क्रमांक 23 बुधवारी और वार्ड क्रमांक 27 महाराणा प्रताप नगर की विभिन्न बस्तियों, कॉलोनियों तथा मुख्य व संपर्क सड़कों में मेगा स्वच्छता ड्राइव संचालित की जाएगी।