रायपुर में शुरू हुई ‘XTRALITE NOW’ एलपीजी सेवा, बुकिंग के 180 मिनट के भीतर मिलेगी डिलीवरी
इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने रायपुर में 10 किलोग्राम क्षमता वाले हल्के कम्पोजिट एलपीजी सिलेंडर की ‘XTRALITE NOW’ सेवा शुरू की है। इसके तहत रिफिल बुकिंग के बाद अधिकतम 180 मिनट के भीतर एक्सप्रेस डिलीवरी का प्रावधान है। नए कनेक्शन के लिए पहचान-पत्र आवश्यक होगा। सिलेंडर हल्का, जंगरोधी और आधुनिक डिजाइन वाला है, जिसे खासतौर पर शहरी और छोटे परिवारों की सुविधा को ध्यान में रखकर पेश किया गया है।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l उपभोक्ताओं को तेज, सुविधाजनक और आधुनिक एलपीजी सेवा उपलब्ध कराने की दिशा में इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने रायपुर में ‘XTRALITE NOW’ सेवा शुरू की है। इस सेवा के तहत 10 किलोग्राम क्षमता वाला कम्पोजिट एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है। उपभोक्ताओं को रिफिल बुक करने के बाद अधिकतम 180 मिनट के भीतर एक्सप्रेस डिलीवरी देने का प्रावधान किया गया है।
रायपुर में इस सेवा का शुभारंभ 4 अगस्त को इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के रायपुर मंडल के एलपीजी प्रमुख मोहम्मद आमीन ने इंडेन वितरकों और उपभोक्ताओं की मौजूदगी में किया। फिलहाल यह सुविधा देवेंद्र नगर स्थित आकाश गैस सर्विस सहित अन्य गैस एजेंसियों के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही है। इसके अलावा भिलाई और दुर्ग शहर के इंडेन वितरकों के माध्यम से भी यह सुविधा उपलब्ध होने की जानकारी दी गई है।
हल्का और आधुनिक कम्पोजिट सिलेंडर
XTRALITE NOW के तहत उपलब्ध 10 किलोग्राम का कम्पोजिट सिलेंडर पारंपरिक धातु के सिलेंडरों की तुलना में हल्का और उपयोगकर्ता के लिए सुविधाजनक बनाया गया है। कम्पोजिट मटेरियल से निर्मित होने के कारण इसमें जंग लगने की समस्या नहीं होती। इसका आधुनिक डिजाइन घरेलू रसोई में आसान हैंडलिंग के साथ बेहतर उपयोगिता प्रदान करता है।
कंपनी के अनुसार यह सेवा विशेष रूप से शहरी परिवारों, छोटे परिवारों और कामकाजी लोगों की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार की गई है। तेज डिलीवरी के साथ उपभोक्ताओं को अपनी सुविधा के अनुसार पसंदीदा समय पर सिलेंडर प्राप्त करने का विकल्प भी दिया जाएगा।
नए कनेक्शन के लिए ₹4,852.50 का भुगतान
रायपुर में 10 किलोग्राम XTRALITE NOW कम्पोजिट एलपीजी सिलेंडर के नए कनेक्शन के लिए ₹3,186 की सिक्योरिटी राशि निर्धारित है। एक रिफिल की कीमत ₹1,666.50 है। इस तरह सिलेंडर और प्रथम रिफिल सहित नए कनेक्शन के लिए कुल ₹4,852.50 का भुगतान करना होगा।
रेगुलेटर लेने पर ₹250 और लागू जीएसटी अतिरिक्त देय होगा, जबकि होज पाइप की कीमत ₹190 निर्धारित की गई है। कनेक्शन प्राप्त करने के लिए उपभोक्ता को पहचान-पत्र उपलब्ध कराना होगा।
ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा
उपभोक्ता Indian Oil ONE ऐप और कंपनी की आधिकारिक ग्राहक वेबसाइट के माध्यम से नए कनेक्शन के लिए पंजीकरण करने के साथ एलपीजी रिफिल की बुकिंग भी कर सकते हैं। एक्सप्रेस डिलीवरी इंडेन के डिस्ट्रीब्यूटर नेटवर्क तथा चयनित इंडियन ऑयल रिटेल आउटलेट्स के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी।
इंडियन ऑयल के अनुसार, बदलती उपभोक्ता जरूरतों को ध्यान में रखते हुए एलपीजी सेवा को अधिक सुविधाजनक, पारदर्शी और समयबद्ध बनाने पर जोर दिया जा रहा है। XTRALITE NOW के जरिए हल्के कम्पोजिट सिलेंडर, डिजिटल बुकिंग और तेज डिलीवरी जैसी सुविधाएं एक साथ उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है।