भारत विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर तीन दिवसीय छायाचित्र प्रदर्शनी का आयोजन

बेमेतरा जिला कार्यालय में भारत विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर जनसंपर्क विभाग द्वारा तीन दिवसीय छायाचित्र प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। प्रदर्शनी में विभाजन के दौरान हुई पीड़ा, विस्थापन, संघर्ष और बलिदान से जुड़े ऐतिहासिक छायाचित्र, दस्तावेज एवं समाचार पत्रों की कतरनें प्रदर्शित की गई हैं। प्रदर्शनी का उद्देश्य नई पीढ़ी को विभाजन के इतिहास से परिचित कराना और उस दौर की घटनाओं से सीख लेने के लिए प्रेरित करना है।

Aug 14, 2026 - 11:21
 0  2
भारत विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर तीन दिवसीय छायाचित्र प्रदर्शनी का आयोजन

UNITED NEWS OF ASIA. अरुण पुरेना, बेमेतरा l भारत सरकार एवं राज्य शासन के निर्देशानुसार भारत विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर जनसंपर्क विभाग द्वारा जिला कार्यालय में तीन दिवसीय छायाचित्र प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रदर्शनी जिला कार्यालय के मुख्य प्रवेश द्वार के समीप एटीएम के पास लगाई गई है, जहां आम नागरिकों के साथ स्कूली छात्र-छात्राएं, युवा और विभिन्न वर्गों के लोग पहुंचकर विभाजन से जुड़े ऐतिहासिक प्रसंगों को करीब से देख सकते हैं।

प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य वर्ष 1947 में देश के विभाजन के दौरान आम नागरिकों द्वारा झेली गई पीड़ा, संघर्ष, विस्थापन और बलिदान की गाथा को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। प्रदर्शनी में उस दौर से संबंधित दुर्लभ ऐतिहासिक छायाचित्र, महत्वपूर्ण दस्तावेज और विभिन्न समाचार पत्रों की कतरनों को प्रदर्शित किया गया है। इन ऐतिहासिक सामग्री के माध्यम से विभाजन के समय उत्पन्न परिस्थितियों और उसके व्यापक सामाजिक प्रभाव को समझाने का प्रयास किया गया है।

प्रदर्शनी में प्रदर्शित छायाचित्रों के माध्यम से विभाजन के दौरान बड़ी संख्या में लोगों के विस्थापन, उनके संघर्ष और कठिन परिस्थितियों के साथ-साथ स्वतंत्र भारत के पुनर्निर्माण की यात्रा को भी दर्शाया गया है। ऐतिहासिक घटनाओं को चित्रों और दस्तावेजों के माध्यम से प्रस्तुत किए जाने से आगंतुकों को उस समय की परिस्थितियों को समझने का अवसर मिल रहा है।

जनसंपर्क विभाग के अधिकारियों ने बताया कि यह प्रदर्शनी तीन दिनों तक आमजन के लिए खुली रहेगी। प्रदर्शनी के माध्यम से विशेष रूप से युवा पीढ़ी और विद्यार्थियों को देश के इतिहास के इस महत्वपूर्ण अध्याय से परिचित कराने का प्रयास किया जा रहा है। नागरिकों से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में प्रदर्शनी स्थल पर पहुंचकर ऐतिहासिक छायाचित्रों और दस्तावेजों का अवलोकन करें तथा विभाजन की त्रासदी से जुड़ी घटनाओं को समझें।

प्रदर्शनी स्थल पर जनसंपर्क विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहकर आगंतुकों को प्रदर्शित छायाचित्रों, दस्तावेजों और समाचार पत्रों की कतरनों के ऐतिहासिक महत्व की जानकारी दे रहे हैं। इसके साथ ही विभाग द्वारा प्रकाशित पुस्तकों का निःशुल्क वितरण भी किया जा रहा है, ताकि नागरिकों को शासन की विभिन्न गतिविधियों और महत्वपूर्ण विषयों से संबंधित जानकारी उपलब्ध हो सके।

भारत विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर आयोजित यह प्रदर्शनी इतिहास के उस दौर की पीड़ा और संघर्ष को स्मरण करने के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों को एकता, सद्भाव और राष्ट्रीय मूल्यों के प्रति जागरूक करने का महत्वपूर्ण माध्यम बन रही है। प्रदर्शनी के माध्यम से नागरिकों को देश के इतिहास को जानने और उससे प्रेरणा लेने का अवसर मिल रहा है।