नगरीय प्रशासन विभाग के नए प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने ली मैराथन बैठक, स्वच्छता और विकास कार्यों में तेजी के निर्देश

नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के नए प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने कार्यभार ग्रहण करने के अगले दिन मंत्रालय में विभागीय अधिकारियों की मैराथन बैठक लेकर विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने घरों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर कचरा पृथक्करण प्रभावी ढंग से लागू करने, स्वच्छता में नागरिकों की भागीदारी बढ़ाने, नालंदा परिसरों का निर्माण समय-सीमा में पूरा करने तथा पर्यटन और धार्मिक स्थलों पर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

Aug 21, 2026 - 09:31
 0  4
नगरीय प्रशासन विभाग के नए प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने ली मैराथन बैठक, स्वच्छता और विकास कार्यों में तेजी के निर्देश

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के नए प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने कार्यभार ग्रहण करने के अगले ही दिन मंत्रालय में विभागीय अधिकारियों की मैराथन बैठक लेकर विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी, अमृत मिशन, स्वच्छ भारत मिशन शहरी, नालंदा परिसर, अधोसंरचना सहित अन्य विभागीय योजनाओं के अंतर्गत निर्माणाधीन कार्यों की प्रगति, मैदानी स्तर पर क्रियान्वयन और आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।

प्रमुख सचिव ने कहा कि शासन की योजनाओं का वास्तविक लाभ समय पर नागरिकों तक पहुंचाना विभाग की प्राथमिकता है। इसके लिए योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग, मैदानी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन और निर्धारित समय-सीमा में कार्यों को पूरा करना आवश्यक है। उन्होंने सभी नगर निगम आयुक्तों तथा नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को अपर आयुक्तों, उपायुक्तों, जोन आयुक्तों और अन्य अधिकारियों के साथ प्रतिदिन वार्डों का भ्रमण करने तथा विभागीय वाट्सऐप ग्रुप में निरीक्षण के फोटोग्राफ साझा करने के निर्देश दिए।

बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के तहत स्वीकृत और पूर्ण आवासों की घटकवार प्रगति की समीक्षा की गई। सोनमणि बोरा ने आवास निर्माण की वर्तमान स्थिति, निर्धारित लक्ष्यों और शेष कार्यों की जानकारी लेते हुए पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति की लगातार निगरानी करते हुए सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने पर जोर दिया।

अमृत मिशन के अंतर्गत नगरीय क्षेत्रों में संचालित कार्यों की भी समीक्षा की गई। प्रमुख सचिव ने कहा कि विकास कार्यों की समीक्षा केवल कार्यालय से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर नहीं होनी चाहिए। अधिकारी नियमित रूप से मौके पर जाकर कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति और नागरिकों को मिल रहे लाभ का आकलन करें। उन्होंने निर्माण कार्यों में निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने तथा सभी कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।

स्वच्छ भारत मिशन शहरी की समीक्षा के दौरान प्रमुख सचिव ने स्वच्छता व्यवस्था और कचरा प्रबंधन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने घरों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर कचरे का स्रोत स्तर पर ही पृथक्करण प्रभावी रूप से लागू करने के निर्देश दिए। चार डस्टबिन व्यवस्था को व्यवस्थित रूप से लागू करने, कचरे के उचित संग्रहण और प्रबंधन की नियमित निगरानी तथा नागरिकों में जागरूकता बढ़ाने के लिए निरंतर जन-जागरूकता गतिविधियां संचालित करने को कहा।

उन्होंने प्रमुख बाजार क्षेत्रों में नियमित साफ-सफाई, समय पर कचरा उठाव, व्यवस्थित कचरा संग्रहण और सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल किसी अभियान तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि ऐसी नियमित और सतत व्यवस्था विकसित की जानी चाहिए, जिसका सकारात्मक प्रभाव जमीनी स्तर पर स्पष्ट दिखाई दे।

नालंदा परिसर योजना की समीक्षा करते हुए सोनमणि बोरा ने विभिन्न नगरीय निकायों में निर्माणाधीन 38 नालंदा परिसरों का निर्माण प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य पूरा होने तक परिसर में पुस्तकें, कंप्यूटर, लाइब्रेरी पैनल, लाइब्रेरियन सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि परिसर पूर्ण होते ही विद्यार्थियों को लाइब्रेरी और अध्ययन की सुविधा मिल सके।

प्रमुख सचिव ने रायपुर नगर निगम आयुक्त को शहर के पर्यटन स्थलों का चिन्हांकन कर वहां शुद्ध पेयजल, सुगम शौचालय, डस्टबिन और पर्याप्त सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने शहरों में अर्बन फॉरेस्ट्री विकसित करने, सार्वजनिक उद्यानों के पुनरुद्धार की कार्ययोजना बनाने और पीपीपी मोड पर फंड की व्यवस्था के विकल्प तलाशने को कहा। परिसीमन के बाद नगरीय निकायों में शामिल नए क्षेत्रों में पेयजल, स्वच्छता, शहरी हरियाली और अर्बन एग्रीकल्चर को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए।

बैठक में प्रमुख सचिव ने सीएम हेल्पलाइन और सीपीग्राम्स पोर्टल से प्राप्त शिकायतों का समय-सीमा में पूरी निष्ठा के साथ निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर योजनाओं की जमीनी स्थिति और समस्याओं की जानकारी नियमित रूप से प्राप्त करने पर भी जोर दिया।

बैठक में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के संचालक आर. एक्का, सूडा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुमित अग्रवाल, नगर निगम रायपुर आयुक्त संबित मिश्रा, नगर निगम बिरगांव आयुक्त युगल किशोर उर्वशा सहित विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।