लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने निर्माण कार्यों में तेजी और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने बिलासपुर परिक्षेत्र के विभागीय एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने, गुणवत्ता बनाए रखने और निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने मैदानी अधिकारियों को सप्ताह में कम से कम दो दिन फील्ड में रहकर निर्माण कार्यों की मॉनिटरिंग करने तथा ठेकेदारों के कार्यों की कड़ाई से निगरानी करने को कहा। बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों और पुलों की तत्काल मरम्मत के निर्देश भी दिए गए।

Aug 21, 2026 - 09:36
 0  2
लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने निर्माण कार्यों में तेजी और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

UNITED NEWS OF ASIA. लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने बिलासपुर परिक्षेत्र के विभागीय एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने और सभी प्रक्रियाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। नवा रायपुर स्थित निर्माण भवन में आयोजित बैठक में उन्होंने विभागीय अभियंताओं से कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और निर्धारित समय-सीमा में पूर्णता विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार्य नहीं होगा।

बैठक में सचिव ने अधिकारियों को प्रो-एक्टिव होकर कार्य करने तथा प्राक्कलन तैयार करने से लेकर निविदा प्रक्रिया तक सभी आवश्यक कार्य तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यपालन अभियंताओं को अपने-अपने जिलों के कलेक्टरों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने को कहा, ताकि निर्माण कार्यों से संबंधित समस्याओं और कार्यस्थलों पर आने वाली बाधाओं का त्वरित निराकरण हो सके।

मुकेश कुमार बंसल ने मैदानी अधिकारियों को सप्ताह में कम से कम दो दिन फील्ड में रहकर निर्माण कार्यों का नियमित निरीक्षण और कड़ी मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने ठेकेदारों के कार्यों पर लगातार नजर रखने तथा निर्धारित मापदंडों के अनुरूप निर्माण सुनिश्चित करने को कहा। सड़क और भवन निर्माण के प्रत्येक चरण में गुणवत्ता की जांच करने पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य मजबूत, टिकाऊ और निर्धारित मानकों के अनुरूप होना चाहिए।

लोक निर्माण विभाग के सचिव ने सड़कों और पुलों के नए प्रस्ताव तैयार करते समय भविष्य की जरूरतों, बढ़ते यातायात और क्षेत्र की आवश्यकताओं को ध्यान में रखने के निर्देश दिए। उन्होंने ऐसे नए कार्य, जिनकी निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, उन्हें अक्टूबर तक प्रारंभ करने को कहा। काम शुरू होने के बाद उसकी गति और गुणवत्ता दोनों की लगातार निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में सड़कों और पुलों के रखरखाव पर भी विशेष जोर दिया गया। सचिव ने कहा कि सड़कों की स्थिति साफ-सुथरी, सुंदर और व्यवस्थित दिखाई देनी चाहिए। उन्होंने बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हुई सड़कों और पुलों की तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए, ताकि आम नागरिकों की आवाजाही प्रभावित न हो और यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।

सचिव ने कार्यपालन अभियंताओं और अनुविभागीय अधिकारियों को संबंधित एसडीएम से समन्वय कर विभिन्न निर्माण कार्यों के लिए अधिग्रहित भूमि के नामांतरण की स्थिति की जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने भू-अर्जन से संबंधित नए और पुराने प्रकरणों में नामांतरण की कार्रवाई एक माह के भीतर पूर्ण करने को कहा। पूर्ण हो चुके कार्यों को तत्काल संबंधित विभागों को हैंडओवर करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में विश्रामगृहों और सर्किट हाउसों के संचालन एवं रखरखाव की भी समीक्षा की गई। सचिव ने विभागीय भवनों में बेहतर साफ-सफाई और रखरखाव सुनिश्चित करने तथा पूरे परिसर को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से निर्माण कार्यों की नियमित समीक्षा और मैदानी निरीक्षण को प्राथमिकता देने को कहा, ताकि योजनाओं का लाभ समय पर लोगों तक पहुंच सके।

बैठक में लोक निर्माण विभाग की उप सचिव अंशिका पाण्डेय, छत्तीसगढ़ सड़क एवं अधोसंरचना विकास निगम के अतिरिक्त प्रबंध संचालक शशांक पाण्डेय, बिलासपुर परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता आर.के. रात्रे और जी.एस. मंडावी, अधीक्षण अभियंता के.पी. संत सहित बिलासपुर परिक्षेत्र के सभी नौ संभागों के कार्यपालन अभियंता एवं अनुविभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।