थाना गंज में ई-मालखाना प्रणाली शुरू, रायपुर सेंट्रल जोन के पांच थाने हुए डिजिटल

रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के सेंट्रल जोन के थाना गंज में ई-मालखाना प्रणाली का शुभारंभ किया गया। इसके साथ ही सेंट्रल जोन के पांच थानों में मालखाना प्रबंधन डिजिटल हो गया है। नई व्यवस्था के तहत जब्त सामग्री की भौतिक जांच, सुरक्षित पैकेजिंग, लेबलिंग, रैकवार व्यवस्था, यूनिक बारकोड, ऑनलाइन डेटा एंट्री और दस्तावेजों का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया गया है। इससे जब्त माल की पहचान, लोकेशन, जमा-निकासी और चेन ऑफ कस्टडी की डिजिटल निगरानी आसान होगी तथा मालखाना प्रबंधन में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ेगी।

Aug 8, 2026 - 11:31
 0  2
थाना गंज में ई-मालखाना प्रणाली शुरू, रायपुर सेंट्रल जोन के पांच थाने हुए डिजिटल

UNITED NEWS OF ASIA. हसीब अख्तर, रायपुर l रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के सेंट्रल जोन में जब्त माल के सुरक्षित, सुव्यवस्थित और पारदर्शी प्रबंधन की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। थाना गंज में ई-मालखाना प्रणाली का शुभारंभ किया गया। इसके साथ ही सेंट्रल जोन का यह पांचवां थाना बन गया है, जहां मालखाना प्रबंधन को डिजिटल प्रणाली से जोड़ा गया है।

ई-मालखाना प्रणाली का शुभारंभ एडिशनल पुलिस कमिश्नर अमित तुकाराम कांबले के द्वारा किया गया। इससे पहले थाना कोतवाली, गोलबाजार, मौदहापारा और देवेंद्र नगर में यह प्रणाली लागू की जा चुकी है। थाना गंज में व्यवस्था शुरू होने के बाद एसीपी कोतवाली डिवीजन के अंतर्गत आने वाले चारों थानों—कोतवाली, गोलबाजार, मौदहापारा और गंज—के मालखाने डिजिटल हो गए हैं।

डीसीपी सेंट्रल जोन तारकेश्वर पटेल और एडिशनल डीसीपी विवेक शुक्ला के मार्गदर्शन में सेंट्रल जोन के थानों में मालखाना प्रबंधन को चरणबद्ध तरीके से डिजिटल स्वरूप दिया जा रहा है। इसी क्रम में थाना गंज के मालखाने में रखी जब्त सामग्री का भौतिक सत्यापन किया गया।

सामग्री की सुरक्षित पैकेजिंग और स्पष्ट लेबलिंग के साथ उसे वैज्ञानिक तरीके से रैकवार व्यवस्थित और वर्गीकृत किया गया। प्रत्येक जब्त सामग्री के लिए यूनिक बारकोड तैयार कर उसे संबंधित माल और डाइजेस्ट पर लगाया गया। इससे किसी भी जब्त सामग्री की पहचान करने और उसकी निर्धारित लोकेशन तक पहुंचने में कम समय लगेगा।

इसके साथ ही जब्त माल का ऑनलाइन पंजीयन और डेटा एंट्री की गई। सुपुर्दनामा, पावती तथा अन्य संबंधित दस्तावेजों को स्कैन कर उनका डिजिटल रिकॉर्ड भी सुरक्षित किया गया है। इस व्यवस्था के माध्यम से मालखाने में रखी सामग्री की जानकारी डिजिटल माध्यम से आसानी से उपलब्ध हो सकेगी।

ई-मालखाना प्रणाली के जरिए जब्त माल की पहचान, उसकी लोकेशन तथा माल के जमा और निर्गत किए जाने की गतिविधियों की डिजिटल ट्रैकिंग संभव होगी। इससे चेन ऑफ कस्टडी को मजबूत करने में मदद मिलेगी। साथ ही रिकॉर्ड को सुरक्षित रखने, समय पर जानकारी उपलब्ध कराने और मालखाना प्रबंधन में पारदर्शिता एवं जवाबदेही बढ़ाने में यह प्रणाली उपयोगी साबित होगी।

कार्यक्रम के दौरान डीसीपी पीतांबर पटेल, एसीपी कोतवाली दीपक मिश्रा, एसीपी ट्रैफिक कमलजीत पाटले सहित अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने ई-मालखाना प्रणाली की कार्यप्रणाली का अवलोकन किया।

थाना गंज प्रभारी निरीक्षक दीपक पासवान और उनकी टीम द्वारा मालखाना को व्यवस्थित करने तथा नई डिजिटल प्रणाली के सफल क्रियान्वयन के लिए किए गए प्रयासों की भी सराहना की गई। एडिशनल पुलिस कमिश्नर अमित तुकाराम कांबले ने टीम का उत्साहवर्धन करते हुए विभागीय प्रक्रिया के तहत प्रोत्साहन स्वरूप इनाम दिए जाने की घोषणा की।

रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के सेंट्रल जोन के पांच थानों में ई-मालखाना प्रणाली लागू होना पुलिस विभाग में तकनीकी नवाचार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है। इसका उद्देश्य जब्त सामग्री के संधारण और रिकॉर्ड प्रबंधन को अधिक सुरक्षित, पारदर्शी, त्वरित और विश्वसनीय बनाना है। इससे आपराधिक न्याय प्रणाली में मालखाना प्रबंधन की भूमिका को और अधिक प्रभावी बनाने में सहायता मिलेगी।