मेंड़की में 'मां के नाम एक पेड़' अभियान के तहत 335 पौधों का रोपण, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

बालोद जिले के ग्राम मेंड़की में 'मां के नाम एक पेड़' अभियान के तहत ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक 335 फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया। ग्राम पंचायत ओरमा की पहल पर आयोजित कार्यक्रम में पौधों की सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया गया।

Aug 2, 2026 - 13:33
 0  12
मेंड़की में 'मां के नाम एक पेड़' अभियान के तहत 335 पौधों का रोपण, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

UNITED NEWS OF ASIA. सुनील साहू, बालोद l जिले के ग्राम मेंड़की में ‘मां के नाम एक पेड़’ अभियान के अंतर्गत वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। ग्राम पंचायत ओरमा की पहल पर आयोजित इस अभियान में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर अपनी माताओं के सम्मान में फलदार एवं छायादार पौधे लगाए और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने कहा कि गांव में पहली बार इस तरह के जनभागीदारी अभियान के तहत बड़ी संख्या में पौधों का रोपण किया गया है। उनका मानना है कि आने वाले वर्षों में ये पौधे हरियाली बढ़ाने, पर्यावरण संतुलन बनाए रखने और स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। ग्रामीणों ने पौधों की नियमित देखभाल, सुरक्षा और संरक्षण का सामूहिक संकल्प भी लिया।

सरपंच मंजुलता साहू ने कहा कि पौधा लगाना केवल शुरुआत है, उसकी नियमित देखभाल करना उससे भी अधिक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपनी मां के नाम एक पौधा लगाकर उसकी जिम्मेदारी निभाए, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, सुरक्षित और हराभरा वातावरण मिल सकेगा। उन्होंने अभियान में सहयोग देने वाले सभी ग्रामीणों का आभार भी व्यक्त किया।

इस अभियान के तहत ग्राम पंचायत ओरमा और मेंड़की के खेल मैदान, मुक्तिधाम तथा तालाब पार क्षेत्र में कुल 335 पौधों का रोपण किया गया। इनमें 140 कटहल, 60 बादाम, 50 करंज, 30 गुलमोहर, 30 जामुन, 10 महुआ, 10 अनार और 5 अशोक के पौधे शामिल हैं। पौधारोपण के दौरान उपस्थित ग्रामीणों को यह शपथ भी दिलाई गई कि वे प्रत्येक पौधे की देखभाल बच्चों की परवरिश की तरह करेंगे, ताकि भविष्य में ये पौधे बड़े वृक्ष बनकर पर्यावरण को समृद्ध कर सकें।

कार्यक्रम में पंचायत सचिव संतोष साहू, धनराज साहू, टहल साहू, मनोहर साहू, कुलेश्वर साहू, होरीलाल गजपाल, बालक साहू, गुणवंत लाल श्रीवास्तव, भेस कुमार साहू, रूपनारायण देवांगन, टीकाराम साहू, श्यामलाल साहू, दिलीप साहू, रोशनी साहू, चंचल साहू, शिवभजन यादव, ललित ठाकुर, खेमूराम पटेल, ईश्वर साहू, हीरालाल साहू, नंदकुमार साहू सहित बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष ग्रामीण उपस्थित रहे।

ग्रामीणों ने एक स्वर में कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। जनभागीदारी से संचालित ऐसे अभियान समाज में हरियाली बढ़ाने के साथ-साथ लोगों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता भी विकसित करते हैं। ग्रामीणों ने भविष्य में भी नियमित रूप से पौधारोपण और उनकी सुरक्षा के लिए इसी तरह के अभियान चलाने का संकल्प लिया।