भूपेश बघेल लगातार खो रहे भाषा की गरिमा, प्रधानमंत्री के बयान पर मांगनी चाहिए माफी: लक्ष्मी वर्मा

भाजपा राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर निशाना साधते हुए कहा कि वे लगातार अपनी भाषा की गरिमा खो रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर दिए गए बयान पर भूपेश बघेल से माफी मांगने की मांग की। वर्मा ने कांग्रेस की आंतरिक स्थिति, बघेल की राजनीतिक भूमिका और छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार के विकास कार्यों को लेकर भी कांग्रेस पर हमला बोला।

Aug 14, 2026 - 11:47
 0  3
भूपेश बघेल लगातार खो रहे भाषा की गरिमा, प्रधानमंत्री के बयान पर मांगनी चाहिए माफी: लक्ष्मी वर्मा

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l भारतीय जनता पार्टी की राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बयान को लेकर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि हर मोर्चे पर असफल रहने के कारण भूपेश बघेल लगातार विचलित नजर आ रहे हैं और इसी वजह से उनकी भाषा की गरिमा भी प्रभावित हो रही है। वर्मा ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में नेताओं की भाषा उनके संस्कार और राजनीतिक सोच को प्रदर्शित करती है, इसलिए संवैधानिक पदों और लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति मर्यादित भाषा का प्रयोग किया जाना चाहिए।

लक्ष्मी वर्मा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की राजनीति में भूपेश बघेल अलग-थलग पड़ गए हैं और खुद को राजनीतिक रूप से स्थापित करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस के भीतर अलग-अलग खेमों का जिक्र करते हुए कहा कि पार्टी के भीतर आपसी मतभेद के कारण बघेल को अपेक्षित समर्थन नहीं मिल रहा है। भाजपा सांसद ने कहा कि ऐसी परिस्थितियों के चलते पूर्व मुख्यमंत्री अपने बयानों में संयम खोते दिखाई दे रहे हैं।

उन्होंने भूपेश बघेल पर भ्रष्टाचार को लेकर भी निशाना साधा और आरोप लगाया कि पूर्व मुख्यमंत्री की पहचान भ्रष्टाचार के मुद्दों से जुड़ चुकी है। लक्ष्मी वर्मा ने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं और राजनीतिक नेतृत्व के प्रति जिस प्रकार की भाषा का इस्तेमाल किया जा रहा है, उससे उनकी राजनीतिक खीझ स्पष्ट होती है।

भाजपा सांसद ने पंजाब में कांग्रेस से जुड़े घटनाक्रम का उल्लेख करते हुए दावा किया कि वहां भी भूपेश बघेल को विरोध का सामना करना पड़ा है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस को जनता ने पूरी तरह नकार दिया है और अब पार्टी के भीतर भी बघेल की राजनीतिक स्थिति कमजोर दिखाई दे रही है। वर्मा ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में छत्तीसगढ़ की जनता ने भ्रष्टाचार के आरोपों से जुड़ा दौर देखा है और अब प्रदेश की जनता विकास एवं सुशासन को प्राथमिकता दे रही है।

लक्ष्मी वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में विकास कार्यों को गति मिल रही है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में हो रहे विकास से कांग्रेस और उसके नेता असहज हैं। भाजपा सांसद ने कहा कि कांग्रेस के लिए सत्ता में वापसी की उम्मीद आसान नहीं है और जनता अब सरकार के कामकाज को देखकर अपना निर्णय कर रही है।

उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेद लोकतंत्र का हिस्सा हैं, लेकिन नेताओं को सार्वजनिक बयान देते समय भाषा की मर्यादा और पद की गरिमा का ध्यान रखना चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर भूपेश बघेल द्वारा दिए गए कथित बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए लक्ष्मी वर्मा ने उनसे सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की।

वर्मा ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में राजनीतिक आलोचना तथ्यों और मर्यादित भाषा के साथ होनी चाहिए। उन्होंने भूपेश बघेल से अपने बयान पर पुनर्विचार करने और प्रधानमंत्री के प्रति की गई कथित टिप्पणी के लिए माफी मांगने की अपील की।