विश्व आदिवासी दिवस पर गोंडवाना समाज ने किया ‘सुआरिन दाई सम्मान समारोह’ का आयोजन

भिलाई में विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर गोंडवाना समाज की मातृशक्ति ने ‘सुआरिन दाई सम्मान समारोह’ आयोजित किया। कार्यक्रम में पारंपरिक धात्री माताओं का सम्मान, महिला सशक्तिकरण, बालिका शिक्षा और सामाजिक जागरूकता पर जोर दिया गया। जरूरतमंद छात्र-छात्राओं को पाठ्य सामग्री तथा मातृशक्ति को स्वरोजगार के लिए सिलाई मशीन भी प्रदान की गई।

Aug 9, 2026 - 17:21
 0  6
विश्व आदिवासी दिवस पर गोंडवाना समाज ने किया ‘सुआरिन दाई सम्मान समारोह’ का आयोजन

UNITED NEWS OF ASIA. रोहिताश सिंह भुवाल, दुर्ग l भिलाई में 9 अगस्त विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर गोंडवाना समाज की मातृशक्ति के तत्वावधान में गायत्री मंदिर प्रांगण, वार्ड क्रमांक 25 में ‘सुआरिन दाई सम्मान समारोह’ का गरिमामय आयोजन किया गया। समाज की परंपरा और संस्कारों के अनुरूप आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिला सशक्तिकरण, कर्मठ महिला शक्ति का सम्मान, शिक्षा और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देना रहा।

कार्यक्रम में समाज प्रमुख ए.आर. ध्रुव, महिला प्रभाग अध्यक्ष ममता आरमो, समाजसेवी राकेश ठाकुर, समाज प्रमुख भिलाई राकेश ठाकुर, डिप्टी कलेक्टर प्राची ठाकुर, एसडीओ फॉरेस्ट डिकेंद्र नेताम, अभियंता अनुसूईया ठाकुर, जी.आर. सोरी, लायंस क्लब भिलाई अध्यक्ष शालिनी सोनी सहित अनेक गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए समाजसेवी राकेश ठाकुर ने कहा कि वर्तमान समय में समाज की वास्तविक समस्याओं को पहचानकर उनके समाधान की दिशा में जमीनी स्तर पर काम करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि समाजसेवियों के सहयोग से सर्वांगीण उत्थान के लिए किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं और मातृशक्ति की यह पहल समाज के लिए महत्वपूर्ण साबित होगी।

अभियंता अनुसूईया ठाकुर ने पारंपरिक सुआरिन दाईयों के सम्मान को भावनात्मक एवं गौरवपूर्ण अवसर बताया। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक प्रसव के दौरान इन पारंपरिक धात्रियों के अनुभव, ममता और निस्वार्थ सेवा की भावना समाज के लिए प्रेरणादायी रही है।

महिला प्रभाग अध्यक्ष ममता आरमो ने बालिका शिक्षा और महिला सशक्तिकरण के साथ महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण की दिशा में कार्य करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

समारोह में अतिथियों और डिप्टी कलेक्टर प्राची ठाकुर द्वारा सुआरिन दाईयों को पुष्पगुच्छ, श्रीफल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। समाज सेवा में सक्रिय मातृशक्ति कार्यकर्ताओं को भी उपहार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

बालिका शिक्षा एवं महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से छात्र-छात्राओं को पाठ्य सामग्री और स्टेशनरी वितरित की गई। वहीं लायंस क्लब भिलाई की अध्यक्ष शालिनी सोनी ने आदिवासी मातृशक्ति को स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से सिलाई मशीन प्रदान की।

कार्यक्रम के दौरान सामाजिक समस्याओं के निराकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और रोजगार के अवसर बढ़ाने पर भी चर्चा हुई। उपस्थित वक्ताओं ने समाज की परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखते हुए नई पीढ़ी को शिक्षा एवं आत्मनिर्भरता से जोड़ने की आवश्यकता बताई।

कार्यक्रम का संचालन अनुसूईया ठाकुर ने किया, जबकि ममता आरमो ने सभी अतिथियों एवं समाज के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह में बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।