रायपुर में निःशुल्क आयुष्मान कार्ड शिविर आयोजित, 256 लोगों का हुआ पंजीयन

रायपुर के तात्यापारा-मोमिनपारा स्थित दरगाह हॉल में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय और एकता जन विकास समिति के संयुक्त तत्वावधान में निःशुल्क आयुष्मान कार्ड शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 256 लोगों का पंजीयन कर निःशुल्क आयुष्मान कार्ड बनाने की सुविधा प्रदान की गई।

Aug 3, 2026 - 16:48
 0  3
रायपुर में निःशुल्क आयुष्मान कार्ड शिविर आयोजित, 256 लोगों का हुआ पंजीयन

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय, रायपुर के तत्वावधान में एकता जन विकास समिति, तात्यापारा-मोमिनपारा द्वारा निःशुल्क आयुष्मान कार्ड शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर तात्यापारा स्थित दरगाह हॉल, हैदरी मस्जिद के सामने आयोजित किया गया, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर आयुष्मान कार्ड बनवाने की सुविधा का लाभ उठाया।

शिविर का आयोजन सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक किया गया। इस दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय की टीम ने लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाने की प्रक्रिया पूरी की। शिविर में राहुल गजभिये, संतोष बेलगाहे और रिया राजपूत ने पात्र हितग्राहियों का पंजीयन कर निःशुल्क आयुष्मान कार्ड तैयार किए।

आयोजकों के अनुसार शिविर में कुल 256 लोगों का पंजीयन किया गया। सभी पात्र नागरिकों को बिना किसी शुल्क के आयुष्मान कार्ड बनाने की सुविधा उपलब्ध कराई गई। शिविर का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को आयुष्मान भारत योजना से जोड़कर उन्हें स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ उपलब्ध कराना था।

कार्यक्रम के दौरान एकता जन विकास समिति के अध्यक्ष मोहम्मद इक्तेदार हैदरी ने स्वास्थ्य विभाग की टीम का स्वागत करते हुए उनके सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। समिति की ओर से राहुल गजभिये, संतोष बेलगाहे, रिया राजपूत और समिति के सलाहकार डॉ. बशीर हसन को पुष्पगुच्छ भेंटकर सम्मानित किया गया।

शिविर के सफल आयोजन में समिति के संरक्षक गौहर अली और हैदर अली सहित कोषाध्यक्ष मोहम्मद जहीर, उपाध्यक्ष शारिक हैदरी, सह सचिव मोहम्मद सरोज, हैदर अली, अम्मार हैदर (कर्बलाई), इम्तियाज हुसैन, रिजवान हैदर और नासिर मेहदी सहित समिति के सभी सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई। सभी ने शिविर में आने वाले लोगों के पंजीयन, मार्गदर्शन और व्यवस्थाओं में सहयोग दिया।

आयोजकों ने बताया कि आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र परिवारों को प्रतिवर्ष निर्धारित राशि तक कैशलेस उपचार की सुविधा मिलती है। ऐसे शिविरों का उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र नागरिकों तक इस योजना का लाभ पहुंचाना और उन्हें स्वास्थ्य संबंधी सरकारी सुविधाओं से जोड़ना है।

समिति ने भविष्य में भी इसी प्रकार के जनहितकारी शिविरों का आयोजन करने की बात कही। साथ ही नागरिकों से अपील की गई कि जिन पात्र लोगों का अभी तक आयुष्मान कार्ड नहीं बना है, वे ऐसे शिविरों का लाभ उठाकर अपना कार्ड अवश्य बनवाएं, ताकि जरूरत पड़ने पर सरकारी और सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में कैशलेस उपचार की सुविधा प्राप्त कर सकें।