मनेंद्रगढ़ के 220 बिस्तरीय अस्पताल में पांच बच्चों का सफल उपचार, 35 प्रतिशत झुलसी बच्ची की भी बचाई जान

मनेंद्रगढ़ के 220 बिस्तरीय चिकित्सालय में चिकित्सकों ने पांच गंभीर बाल मरीजों का सफल उपचार किया। चार बच्चों के हर्निया का सफल ऑपरेशन किया गया, जबकि लगभग 35 प्रतिशत झुलसी चार वर्षीय बच्ची का भी अस्पताल में सफल इलाज कर उसकी जान बचाई गई। अस्पताल प्रबंधन ने इसे टीमवर्क और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का परिणाम बताया।

Jun 30, 2026 - 19:35
 0  3
मनेंद्रगढ़ के 220 बिस्तरीय अस्पताल में पांच बच्चों का सफल उपचार, 35 प्रतिशत झुलसी बच्ची की भी बचाई जान

UNITED NEWS OF ASIA. जमील अंसारी, मनेंद्रगढ़। एमसीबी जिले के मनेंद्रगढ़ स्थित 220 बिस्तरीय चिकित्सालय में चिकित्सकों की टीम ने पांच गंभीर बाल मरीजों का सफल उपचार कर एक बार फिर बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का उदाहरण प्रस्तुत किया है। अस्पताल में 5 से 10 वर्ष आयु के चार बच्चों के हर्निया का सफल ऑपरेशन किया गया, वहीं लगभग 35 प्रतिशत तक झुलसी चार वर्षीय बच्ची का भी सफल उपचार कर उसकी जान बचाई गई। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार सभी बच्चों की हालत अब सामान्य है और उनके स्वास्थ्य में लगातार सुधार हो रहा है।

अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार गंभीर रूप से झुलसी चार वर्षीय बच्ची को इलाज के लिए चिकित्सालय लाया गया था। प्राथमिक जांच के दौरान जनरल सर्जन डॉ. राजीव गुप्ता ने बेहतर बर्न मैनेजमेंट सुविधा को देखते हुए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर करने की सलाह दी थी। हालांकि परिजनों ने बच्ची का इलाज मनेंद्रगढ़ अस्पताल में ही कराने का आग्रह किया।

परिजनों की सहमति और बच्ची की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉ. राजीव गुप्ता और उनकी टीम ने तत्काल उपचार शुरू किया। लगातार निगरानी, वैज्ञानिक उपचार पद्धति और टीमवर्क के माध्यम से बच्ची की हालत में तेजी से सुधार हुआ और चिकित्सकों ने उसे सुरक्षित बचाने में सफलता हासिल की।

इसी दौरान अस्पताल में भर्ती 5 से 10 वर्ष आयु के चार अन्य बच्चों के हर्निया का भी सफल ऑपरेशन किया गया। चिकित्सकों ने बताया कि समय पर सर्जरी होने से बच्चों को भविष्य में होने वाली जटिल स्वास्थ्य समस्याओं से भी राहत मिलेगी। सभी ऑपरेशन सफल रहे और ऑपरेशन के बाद बच्चों की स्थिति संतोषजनक बनी हुई है।

अस्पताल अधीक्षक डॉ. स्वप्निल तिवारी ने बताया कि उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि विशेषज्ञ चिकित्सकों, आधुनिक उपकरणों और समर्पित स्वास्थ्य कर्मियों की टीम की बदौलत अस्पताल में गंभीर मामलों का भी सफल उपचार संभव हो रहा है। भविष्य में भी मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए अस्पताल प्रबंधन लगातार प्रयास करता रहेगा।

अस्पताल प्रबंधन के अनुसार इस सफलता के पीछे ऑपरेशन थिएटर की पूरी टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा। सफल उपचार और ऑपरेशन में डॉ. राजीव गुप्ता (जनरल सर्जन), डॉ. एल. पी. मराबी (एनेस्थेटिस्ट), डॉ. फिरोज शेख (एनेस्थेटिस्ट), पुष्पा पटेल (ओटी इंचार्ज), प्रियंका साहू, मुकेश शर्मा, आकांक्षा जायसवाल और संजय द्विवेदी सहित ओटी स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

अस्पताल के रजिस्टर के अनुसार सफल उपचार प्राप्त मरीजों में रामचरण (जनरल हाइड्रोसील), प्रियंका (दायां इंगुइनल हर्निया), सलीमन (दायां इंगुइनल हर्निया), सहयम (दायां इंगुइनल हर्निया), रोशनी (लगभग 35 प्रतिशत बर्न) तथा सोमेश (दायां इंगुइनल हर्निया) शामिल हैं।

इस सफलता के बाद क्षेत्र के लोगों का अस्पताल पर विश्वास और मजबूत हुआ है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि अब मनेंद्रगढ़ का 220 बिस्तरीय चिकित्सालय बच्चों के जटिल ऑपरेशन और गंभीर मामलों का भी सफल उपचार कर रहा है, जिससे मरीजों को इलाज के लिए बड़े शहरों की ओर रुख नहीं करना पड़ रहा है।