सिमगा में सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने किया विकास कार्यों का लोकार्पण, ग्रामीणों से किया सीधा संवाद

रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने सिमगा विकासखंड के ग्राम कामता में आयोजित विशेष जनसंपर्क अभियान में भाग लेकर 55 लाख रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण किया। उन्होंने केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों पर चर्चा करते हुए विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों से संवाद किया।

Jun 22, 2026 - 11:53
 0  3
सिमगा में सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने किया विकास कार्यों का लोकार्पण, ग्रामीणों से किया सीधा संवाद

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने भाटापारा विधानसभा क्षेत्र के सिमगा विकासखंड अंतर्गत ग्राम कामता में आयोजित विशेष जनसंपर्क अभियान में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और पार्टी कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए केंद्र सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। साथ ही क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण कर नई सौगातें दीं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्ष सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के लिए समर्पित रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस अवधि में भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा और सम्मान में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है तथा देश विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की प्राथमिकता गरीब, किसान, महिला और युवा वर्ग का सशक्तिकरण है। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से लाखों परिवारों को पक्का आवास मिला है, जबकि जल जीवन मिशन के जरिए घर-घर शुद्ध पेयजल पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं का भी सकारात्मक प्रभाव देखने को मिल रहा है।

सांसद ने कहा कि देश में बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। नए हवाई अड्डों का निर्माण, रेलवे नेटवर्क का विस्तार और सड़कों का विकास देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान कर रहा है। छत्तीसगढ़ में भी सड़क, रेल और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास से रोजगार और व्यापार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं।

कार्यक्रम के दौरान बृजमोहन अग्रवाल ने ग्राम कामता में लगभग 55 लाख रुपये की लागत से निर्मित खाद गोदाम और महतारी सदन का लोकार्पण किया। उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्राम पंचायत द्वारा किए गए विकास कार्यों की सराहना की।

ग्रामीणों की मांग पर सांसद ने गांव में सड़क निर्माण के लिए 10 लाख रुपये तथा तरिया सौंदर्यीकरण के लिए 25 लाख रुपये उपलब्ध कराने की घोषणा की। इसके अलावा गांव में स्कूल भवन निर्माण के लिए शिक्षा विभाग से चर्चा कर आवश्यक पहल करने का आश्वासन भी दिया।

इस अवसर पर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों को प्रमाण पत्र, ई-श्रम कार्ड, राशन कार्ड और भवन अनुज्ञा पत्र वितरित किए गए। हितग्राहियों ने योजनाओं से प्राप्त लाभ की जानकारी साझा करते हुए सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में शिवरतन शर्मा, राकेश तिवारी, घनश्यामगिरी गोस्वामी, रोहित साहू, मुरली साहू, प्रहलाद मिश्रा, भागवत वर्मा, उमरू साहू सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और ग्रामीण उपस्थित रहे। जनसंपर्क अभियान के माध्यम से ग्रामीणों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और विकास संबंधी आवश्यकताओं से भी सांसद को अवगत कराया।