बिलासपुर पुलिस ने उड़ीसा के अंतर्राज्यीय चैन स्नैचिंग गिरोह का किया पर्दाफाश, 6 आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर पुलिस ने महिलाओं को निशाना बनाकर चैन स्नैचिंग और लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले उड़ीसा के अंतर्राज्यीय गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने गिरोह के 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर तीन मामलों का पर्दाफाश किया है। गिरोह स्थानीय सहयोगी की मदद से बिलासपुर में ठहरकर अपराधों को अंजाम देता था।

Jun 22, 2026 - 10:39
 0  4
बिलासपुर पुलिस ने उड़ीसा के अंतर्राज्यीय चैन स्नैचिंग गिरोह का किया पर्दाफाश, 6 आरोपी गिरफ्तार

UNITED NEWS OF ASIA. विशु तिवारी, बिलासपुर l बिलासपुर पुलिस ने महिलाओं को निशाना बनाकर चैन स्नैचिंग और लूट की घटनाओं को अंजाम देने वाले एक अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह उड़ीसा से आकर स्थानीय सहयोगियों की मदद से बिलासपुर में ठहरता था और सुनियोजित तरीके से वारदातों को अंजाम देता था।

मामले की शुरुआत 15 मई 2026 को हुई, जब थाना तोरवा क्षेत्र के शिवधाम कॉलोनी की एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई कि सुबह घर के बाहर साफ-सफाई करते समय स्कूटी सवार तीन अज्ञात युवकों ने उसके गले से सोने की चैन छीन ली और फरार हो गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। पुलिस को बिना नंबर की नीली स्कूटी पर सवार संदिग्धों की गतिविधियां दिखाई दीं। इसी बीच थाना सिरगिट्टी क्षेत्र में भी महिला के साथ मारपीट कर चैन लूटने की घटना सामने आई। दोनों घटनाओं के फुटेज और आरोपियों के हुलिये का मिलान करने पर पुलिस को एक ही गिरोह के शामिल होने के संकेत मिले।

तकनीकी विश्लेषण, मुखबिर सूचना और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने गणेश नगर, सिरगिट्टी में दबिश देकर नवीन साहू को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि उसने उड़ीसा के अपने साथियों को बिलासपुर बुलाकर अपने घर में ठहराया था और सभी मिलकर चैन स्नैचिंग तथा लूट की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे।

नवीन साहू की निशानदेही पर पुलिस ने गिरोह के अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने थाना तोरवा और सिरगिट्टी क्षेत्र में महिलाओं को निशाना बनाकर तीन अलग-अलग वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की। जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह उड़ीसा से विभिन्न राज्यों में जाकर स्थानीय लोगों की मदद से महिलाओं के साथ चैन स्नैचिंग, झपटमारी और लूट की घटनाओं को अंजाम देता था।

गिरफ्तार आरोपियों में शिव सिंह, शक्ति प्रसाद, नवीन साहू, प्रमोद सिंह, अतुल मुंडा और बसंता खड़िया शामिल हैं। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की सफेद स्कूटी भी जब्त कर ली है। मामले में संगठित अपराध और आपराधिक षड्यंत्र से संबंधित धाराएं जोड़ी गई हैं।

पुलिस ने बताया कि गिरोह के तीन अन्य सदस्यों की तलाश जारी है। बिलासपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि उनके क्षेत्र में बाहर से आकर रहने वाले व्यक्तियों की जानकारी निकटतम थाना या पुलिस को दें, ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा सके और अपराधों की रोकथाम सुनिश्चित हो सके।