बिलासपुर पुलिस ने अंतर्राज्यीय चैन स्नैचिंग गिरोह का किया भंडाफोड़, 6 आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर पुलिस ने उड़ीसा से संचालित एक अंतर्राज्यीय चैन स्नैचिंग और लूट गिरोह का पर्दाफाश करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरोह महिलाओं को निशाना बनाकर वारदातों को अंजाम देता था। पुलिस ने तीन मामलों का खुलासा करते हुए घटना में प्रयुक्त स्कूटी भी जब्त की है।

Jun 22, 2026 - 11:07
 0  2
बिलासपुर पुलिस ने अंतर्राज्यीय चैन स्नैचिंग गिरोह का किया भंडाफोड़, 6 आरोपी गिरफ्तार

UNITED NEWS OF ASIA. बिलासपुर l बिलासपुर पुलिस ने महिलाओं को निशाना बनाकर चैन स्नैचिंग और लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले एक अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार यह गिरोह उड़ीसा से आकर स्थानीय सहयोगियों की मदद से बिलासपुर में ठहरता था और सुनियोजित तरीके से अपराधों को अंजाम देता था।

मामला 15 मई 2026 का है, जब थाना तोरवा क्षेत्र की शिवधाम कॉलोनी निवासी एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि सुबह घर के बाहर साफ-सफाई करते समय स्कूटी सवार तीन अज्ञात युवकों ने उसके गले से सोने की चैन छीन ली और फरार हो गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष जांच टीम गठित कर मामले की पड़ताल शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया। फुटेज में बिना नंबर की स्कूटी पर सवार संदिग्ध दिखाई दिए। इसी बीच थाना सिरगिट्टी क्षेत्र में भी एक महिला के साथ मारपीट कर चैन लूटने की घटना सामने आई। दोनों मामलों के फुटेज और आरोपियों की गतिविधियों का मिलान करने पर पुलिस को एक ही गिरोह के शामिल होने का संदेह हुआ।

तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने गणेश नगर, सिरगिट्टी में दबिश देकर नवीन साहू को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसने उड़ीसा के अपने साथियों को बिलासपुर बुलाकर अपने घर में ठहराया था और सभी मिलकर चैन स्नैचिंग तथा लूट की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे।

इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरोह के अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने थाना तोरवा और सिरगिट्टी क्षेत्र में महिलाओं को निशाना बनाकर तीन वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी विभिन्न राज्यों में जाकर स्थानीय व्यक्तियों की मदद से महिलाओं के साथ चैन स्नैचिंग, झपटमारी और लूट की घटनाएं करते थे।

गिरफ्तार आरोपियों में शिव सिंह, शक्ति प्रसाद, नवीन साहू, प्रमोद सिंह, अतुल मुंडा और बसंता खड़िया शामिल हैं। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की सफेद रंग की स्कूटी भी जब्त कर ली है। मामले में संगठित अपराध और आपराधिक षड्यंत्र से संबंधित धाराएं जोड़कर कार्रवाई की गई है।

सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि गिरोह के तीन अन्य सदस्यों की तलाश जारी है। बिलासपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि उनके आसपास बाहर से आकर रहने वाले लोगों की जानकारी स्थानीय पुलिस को अवश्य दें, ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा सके और इस प्रकार के अपराधों की रोकथाम सुनिश्चित की जा सके।