45वीं NTPC जूनियर राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता: इंडियन राउंड में उत्तर प्रदेश टॉप, छत्तीसगढ़ को सिल्वर मेडल

रायपुर में आयोजित 45वीं NTPC जूनियर राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता के इंडियन राउंड में उत्तर प्रदेश शीर्ष पर रहा। छत्तीसगढ़ के विक्रम राज ने पुरुष एलिमिनेशन राउंड में सिल्वर मेडल जीतकर राज्य का नाम रोशन किया।

Dec 31, 2025 - 11:51
 0  9
45वीं NTPC जूनियर राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता: इंडियन राउंड में उत्तर प्रदेश टॉप, छत्तीसगढ़ को सिल्वर मेडल

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर। राजधानी रायपुर में आयोजित 45वीं NTPC जूनियर राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता के इंडियन राउंड मुकाबलों में देशभर के युवा तीरंदाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता की मेडल टैली में उत्तर प्रदेश सर्वाधिक पदकों के साथ शीर्ष स्थान पर रहा, जबकि झारखंड, असम और राजस्थान के खिलाड़ियों ने भी प्रभावशाली खेल दिखाया।

पुरुष इंडियन राउंड की 30 और 40 मीटर स्पर्धाओं में उत्तर प्रदेश के तीरंदाजों का दबदबा देखने को मिला। 40 मीटर पुरुष वर्ग में उत्तर प्रदेश के शुभम ने गोल्ड मेडल अपने नाम किया। असम के श्याम कानू राभा को सिल्वर और उत्तर प्रदेश के मनीष को ब्रॉन्ज मेडल मिला। वहीं 30 मीटर पुरुष वर्ग में भी शुभम ने गोल्ड जीतकर अपनी श्रेष्ठता साबित की। इस स्पर्धा में उत्तर प्रदेश के रणविजय यादव को सिल्वर और झारखंड के चंदरमोहन सोरेन को ब्रॉन्ज मेडल प्राप्त हुआ।

पुरुष इंडिविजुअल एलिमिनेशन राउंड में असम के श्याम कानू राभा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल जीता। छत्तीसगढ़ के विक्रम राज ने सिल्वर मेडल जीतकर मेज़बान राज्य को गौरवान्वित किया, जबकि झारखंड के कुलदीप महतो को ब्रॉन्ज मेडल मिला।

महिला वर्ग में झारखंड और राजस्थान की तीरंदाजों ने दमदार प्रदर्शन किया। 40 मीटर महिला वर्ग में उत्तर प्रदेश की वेदाक्षी तोमर ने गोल्ड मेडल जीता। झारखंड की बेबी कुमारी को सिल्वर और लक्ष्मी कुमारी को ब्रॉन्ज मेडल मिला। 30 मीटर महिला वर्ग में राजस्थान की प्रतिभा कंडारा ने गोल्ड पर निशाना साधा, जबकि असम की हिमानी बसुमतारी को सिल्वर और झारखंड की बेबी कुमारी को ब्रॉन्ज मेडल प्राप्त हुआ।

महिला इंडिविजुअल एलिमिनेशन राउंड में भी राजस्थान की प्रतिभा कंडारा ने गोल्ड मेडल जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। हरियाणा की पायल को सिल्वर और झारखंड की बेबी कुमारी को ब्रॉन्ज मेडल मिला।

टीम और मिक्स्ड टीम इंडियन राउंड मुकाबलों में उत्तर प्रदेश, झारखंड, मणिपुर, तेलंगाना और राजस्थान की टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला, जिससे प्रतियोगिता का रोमांच और बढ़ गया।

समापन समारोह में मुख्य अतिथि रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने विजेता खिलाड़ियों को गोल्ड, सिल्वर और ब्रॉन्ज मेडल पहनाकर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि ऐसे राष्ट्रीय आयोजन भारतीय तीरंदाजी को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।