कवर्धा में मानसून पूर्व तैयारी तेज: हर पंचायत में 500 पौधे लगाने का लक्ष्य, जल संरक्षण और लंबित राजस्व प्रकरणों पर कलेक्टर सख्त

कवर्धा जिले में आगामी मानसून को लेकर प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। कलेक्टर गोपाल वर्मा ने हर पंचायत में 500 पौधे लगाने, वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देने और लंबित राजस्व प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए हैं। साथ ही आवास योजनाओं, आयुष्मान कार्ड और जनगणना सर्वे कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने कहा गया।

May 20, 2026 - 13:00
 0  3
कवर्धा में मानसून पूर्व तैयारी तेज: हर पंचायत में 500 पौधे लगाने का लक्ष्य, जल संरक्षण और लंबित राजस्व प्रकरणों पर कलेक्टर सख्त

UNITED NEWS OF ASIA.सौरभ नामदेव, कवर्धा l आगामी मानसून को देखते हुए कबीरधाम जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। जिले की प्रत्येक पंचायत में कम से कम 500 पौधे लगाने के लक्ष्य के साथ वृहत वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा। इस संबंध में कलेक्टर गोपाल वर्मा ने समय सीमा की बैठक में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में कलेक्टर ने वन विभाग, जनपद पंचायत, मनरेगा और अन्य संबंधित विभागों को समय रहते सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पौधारोपण के लिए गड्ढों की खुदाई पहले से कर ली जाए और पौधों की सुरक्षा के लिए ट्री गार्ड की भी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। कलेक्टर ने विशेष रूप से आम, जामुन और सीताफल जैसे फलदार पौधों के क्लस्टर विकसित करने पर जोर दिया, ताकि भविष्य में इनसे जुड़े प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित कर ग्रामीणों की आजीविका को भी बढ़ावा दिया जा सके।

बैठक में जल संरक्षण को भी प्राथमिकता दी गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि लोगों को अपने घरों और आवासों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग तथा सोक पीट निर्माण के लिए प्रेरित किया जाए। उन्होंने कहा कि कम लागत में वर्षा जल संचयन कर भूजल स्तर को बेहतर बनाया जा सकता है, जिससे गर्मियों में जल संकट की समस्या से काफी हद तक राहत मिलेगी। प्रशासन द्वारा इस अभियान को जनजागरूकता से जोड़ने की भी तैयारी की जा रही है।

राजस्व विभाग की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने लंबित प्रकरणों पर नाराजगी जताई। उन्होंने सभी राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए कि नामांतरण, बंटवारा, त्रुटि सुधार सहित लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण किया जाए। जहां पटवारी प्रतिवेदन की आवश्यकता है, वहां तत्काल रिपोर्ट मंगाकर सुनवाई प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि कार्यों में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

आवास योजनाओं की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने पीएम आवास योजना और पीएम जनमन योजना के तहत स्वीकृत लेकिन अप्रारंभ आवासों को प्राथमिकता के साथ शुरू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी जनपद सीईओ को हितग्राहियों से लगातार संपर्क बनाए रखने और निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। जिन हितग्राहियों को राशि जारी हो चुकी है, उनके मामलों की नियमित मॉनिटरिंग करने को कहा गया।

इसके अलावा बैठक में आयुष्मान भारत और वय वंदन योजना के लंबित कार्ड निर्माण कार्य की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने ऐसे क्षेत्रों की पहचान कर विशेष शिविर लगाने के निर्देश दिए, जहां पात्र हितग्राहियों के कार्ड अब तक नहीं बन पाए हैं। वहीं जनगणना 2026 के तहत मकान सूचीकरण कार्य को भी जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। विशेष रूप से नगरीय निकायों में कम प्रगति वाले क्षेत्रों में सर्वे कार्य तेज करने को कहा गया।

बैठक में पांडुलिपि सर्वेक्षण अभियान की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिले में जिन लोगों के पास दुर्लभ पांडुलिपियां, प्राचीन ग्रंथ या ऐतिहासिक दस्तावेज हैं, उनका सर्वे कर संबंधित ऐप में जानकारी अपलोड की जाए, ताकि सांस्कृतिक और ऐतिहासिक धरोहर का संरक्षण सुनिश्चित हो सके।