10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा राष्ट्रीय महाअभियान का तिल्दा में होगा शुभारंभ, मंत्री टंकराम वर्मा करेंगे शुरुआत

भारत सरकार के सहयोग से ब्रह्माकुमारीज़ द्वारा संचालित 10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा राष्ट्रीय महाअभियान का तिल्दा में 6 अगस्त से शुभारंभ होगा। अभियान के तहत 15 दिनों तक विद्यालयों, महाविद्यालयों, शासकीय संस्थानों और सामाजिक संगठनों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

Aug 5, 2026 - 11:34
 0  6
10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा राष्ट्रीय महाअभियान का तिल्दा में होगा शुभारंभ, मंत्री टंकराम वर्मा करेंगे शुरुआत

UNITED NEWS OF ASIA. अशोक मिश्रा, तिल्दा नेवरा l भारत सरकार के न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय तथा गृह मंत्रालय के नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के सहयोग से ब्रह्माकुमारीज़ द्वारा संचालित "10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा राष्ट्रीय महाअभियान" का शुभारंभ 6 अगस्त से किया जाएगा। राष्ट्रीय स्तर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा अभियान की शुरुआत के बाद तिल्दा क्षेत्र में इसका शुभारंभ 6 अगस्त को शाम 5 बजे ब्रह्माकुमारीज़ तिल्दा सेवा केंद्र में होगा। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के मंत्री टंकराम वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

15 दिवसीय इस अभियान के अंतर्गत 6 अगस्त से 20 अगस्त तक तिल्दा क्षेत्र के विद्यालयों, महाविद्यालयों, शासकीय कार्यालयों, औद्योगिक संस्थानों और विभिन्न सामाजिक संगठनों में नशा मुक्ति को लेकर व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य युवाओं और आम नागरिकों को नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना है।

अभियान के दौरान विशेषज्ञों द्वारा व्याख्यान, जागरूकता कार्यशालाएं, विशेष संवाद कार्यक्रम और राजयोग मेडिटेशन अनुभव सत्र आयोजित किए जाएंगे। इन गतिविधियों के माध्यम से प्रतिभागियों को तंबाकू, शराब और अन्य नशीले पदार्थों से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही तनावमुक्त जीवन, आत्मबल और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए राजयोग मेडिटेशन का अभ्यास भी कराया जाएगा।

ब्रह्माकुमारीज़ के पदाधिकारियों ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज में नशा मुक्ति के प्रति व्यापक जनजागरण करना और स्वस्थ, जागरूक तथा विकसित भारत के निर्माण में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है। अभियान के दौरान प्रत्येक प्रतिभागी को नशामुक्त भारत के निर्माण की प्रतिज्ञा भी दिलाई जाएगी।

अभियान की विशेषता यह भी होगी कि नागरिक केवल 30 सेकंड में ऑनलाइन माध्यम से नशा मुक्ति प्रतिज्ञा ले सकेंगे। इससे अधिक से अधिक लोगों को इस राष्ट्रीय जनआंदोलन से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। संस्था के अनुसार यह अभियान पूर्व मुख्य प्रशासिका दादी प्रकाशमणि की पुण्य स्मृति तथा अव्यक्त मास अगस्त के उपलक्ष्य में देशभर में आयोजित किया जा रहा है।

ब्रह्माकुमारीज़ ने तिल्दा क्षेत्र के विद्यार्थियों, शिक्षकों, सामाजिक संगठनों, युवाओं और आम नागरिकों से अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। संस्था का मानना है कि जनभागीदारी और जागरूकता के माध्यम से ही नशामुक्त, स्वस्थ और विकसित भारत के लक्ष्य को प्रभावी रूप से हासिल किया जा सकता है।