राज्यस्तरीय किकबॉक्सिंग प्रतियोगिता में बेमेतरा के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन, द वारक्राय अकादमी ने जीते 31 पदक
कोरबा में आयोजित 13वीं छत्तीसगढ़ राज्यस्तरीय किकबॉक्सिंग प्रतियोगिता 2026 में बेमेतरा की द वारक्राय मार्शल आर्ट्स एंड सेल्फ डिफेंस अकादमी के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 31 पदक अपने नाम किए। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से जिले में खुशी का माहौल है।
UNITED NEWS OF ASIA.अरुण पुरेना, बेमेतरा l कोरबा में आयोजित 13वीं छत्तीसगढ़ राज्यस्तरीय किकबॉक्सिंग प्रतियोगिता 2026 में बेमेतरा जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया है। 10 मई से 12 मई 2026 तक आयोजित इस प्रतियोगिता में बेमेतरा की द वारक्राय मार्शल आर्ट्स एंड सेल्फ डिफेंस अकादमी के खिलाड़ियों ने दमदार खेल का प्रदर्शन करते हुए कुल 31 पदक अपने नाम किए। खिलाड़ियों की इस सफलता से अकादमी सहित पूरे जिले में खुशी और उत्साह का माहौल है।
प्रतियोगिता में अकादमी के 18 खिलाड़ियों ने भाग लिया और कठिन मुकाबलों में उत्कृष्ट तकनीक, अनुशासन और आत्मविश्वास का परिचय देते हुए 12 स्वर्ण, 10 रजत और 9 कांस्य पदक हासिल किए। प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के 17 जिलों और 5 क्लबों से कुल 564 खिलाड़ी शामिल हुए थे। इसके अलावा 34 कोच एवं मैनेजर तथा 35 ऑफिशियल भी प्रतियोगिता का हिस्सा बने।
अकादमी के डायरेक्टर एवं हेड कोच भानुप्रताप साहू ने खिलाड़ियों की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता खिलाड़ियों की निरंतर मेहनत, नियमित अभ्यास और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने बताया कि स्वर्ण और रजत पदक जीतने वाले खिलाड़ियों का चयन आगामी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए किया गया है। इन खिलाड़ियों को आगे विशेष प्रशिक्षण भी दिया जाएगा ताकि वे राष्ट्रीय मंच पर बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
प्रतियोगिता में सत्या राजपूत टीम मैनेजर के रूप में शामिल रहीं और खिलाड़ियों का मार्गदर्शन किया। प्रतियोगिता से लौटने के बाद खिलाड़ियों ने बेमेतरा कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाई और पुलिस अधीक्षक रामकृष्ण साहू से सौजन्य मुलाकात भी की। खिलाड़ियों ने उन्हें प्रतियोगिता और किकबॉक्सिंग खेल से जुड़ी जानकारी दी।
कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाई ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण साधन है। उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेमेतरा और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने के लिए लगातार मेहनत और समर्पण के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
वहीं पुलिस अधीक्षक रामकृष्ण साहू ने खिलाड़ियों को अनुशासन और दृढ़ संकल्प का महत्व बताते हुए कहा कि सफलता पाने के लिए नियमित अभ्यास और सकारात्मक सोच बेहद जरूरी है। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना बनाए रखने और नशे जैसी गलत गतिविधियों से दूर रहने का संदेश भी दिया।
प्रतियोगिता में आनाया शर्मा, भावी टंडन और यशस्वी वर्मा ने दो-दो स्वर्ण पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया। इसके अलावा भौमिक जंगड़े, वसुंधरा शुक्ला, आस्था वर्मा, वर्तिका कश्यप, सिद्धार्थ मोटवानी और तेजस वर्मा ने भी पदक जीतकर जिले का गौरव बढ़ाया।
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर विवेक पोल, दीपक मेघवानी, भाग्यश्री पोल, डॉ. रमेश धनगर, शिल्पा राठी, धर्मेंद्र ढींगरा, नम्रता साहू सहित अभिभावकों और खेल प्रेमियों ने शुभकामनाएं दीं। द वारक्राय अकादमी की यह सफलता बेमेतरा जिले के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है।