जन्मदिवस पर विजय शर्मा ने किया पौधारोपण, 50 सीटों के साथ इसी सत्र से शुरू होगा कवर्धा मेडिकल कॉलेज

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने जन्मदिवस पर मेडिकल कॉलेज परिसर में वृक्षारोपण महाअभियान में भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने घोषणा की कि कवर्धा मेडिकल कॉलेज का संचालन इसी शैक्षणिक सत्र से 50 सीटों के साथ शुरू होगा।

Jul 19, 2026 - 15:53
 0  2
जन्मदिवस पर विजय शर्मा ने किया पौधारोपण, 50 सीटों के साथ इसी सत्र से शुरू होगा कवर्धा मेडिकल कॉलेज

UNITED NEWS OF ASIA. कवर्धा l उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने अपने जन्मदिवस के अवसर पर मेडिकल कॉलेज परिसर में आयोजित वृक्षारोपण महाअभियान-2026 में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों, एनसीसी कैडेट्स, स्काउट-गाइड, सामाजिक और धार्मिक संगठनों, महिलाओं, युवाओं, वरिष्ठ नागरिकों तथा बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने भी पौधे लगाकर हरियाली बढ़ाने का संकल्प लिया।

मेडिकल कॉलेज परिसर में आयोजित इस अभियान के दौरान फलदार एवं विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं बल्कि समाज की सामूहिक भागीदारी से ही इसे सफल बनाया जा सकता है।

विजय शर्मा ने कहा कि कवर्धा में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज केवल एक शैक्षणिक भवन नहीं, बल्कि जिले की आने वाली पीढ़ियों के भविष्य की अमूल्य धरोहर है। उन्होंने कहा कि यह संस्थान आने वाले कई दशकों तक शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में जिले की पहचान बनेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य समय-सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश देते हुए कहा कि मेडिकल कॉलेज प्रदेश के सबसे तेजी से बन रहे संस्थानों में शामिल है।

उन्होंने घोषणा की कि इसी शैक्षणिक सत्र से मेडिकल कॉलेज का संचालन 50 सीटों के साथ शुरू किया जाएगा। इससे जिले और आसपास के विद्यार्थियों को चिकित्सा शिक्षा के बेहतर अवसर मिलेंगे तथा क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को भी मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि कवर्धा के चिकित्सक भी मेडिकल कॉलेज के सफल संचालन में पूरा सहयोग देने के लिए तैयार हैं।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस तरह केंद्र सरकार के निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप नक्सलवाद उन्मूलन की दिशा में समयबद्ध कार्य किया गया, उसी तरह मेडिकल कॉलेज भवन का निर्माण भी निर्धारित समय में पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2027 तक कॉलेज भवन का निर्माण पूर्ण करने का लक्ष्य हासिल किया जाएगा।

विजय शर्मा ने जिले में हरियाली बढ़ाने के लिए कार्य कर रही हरीतिमा टीम की सराहना करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने में इस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण महाअभियान में समाज के हर वर्ग की भागीदारी यह दर्शाती है कि लोग पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक हो रहे हैं।

उन्होंने अपने संबोधन में युवाओं की सकारात्मक भूमिका की भी प्रशंसा की। विशेष रूप से नेऊर गांव के युवाओं द्वारा चौक के सौंदर्यीकरण और महापुरुषों की प्रतिमाओं की स्थापना जैसे कार्यों का उल्लेख करते हुए उन्होंने इसे समाज के लिए प्रेरणादायी बताया। साथ ही ऑटो संघ, बस एवं ट्रक मालिक संघ सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के योगदान की भी सराहना की।

उप मुख्यमंत्री ने बताया कि कवर्धा में वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा के लिए सियान सदन का निर्माण भी प्रारंभ हो चुका है। उन्होंने कहा कि यह सुविधा बुजुर्गों के लिए उपयोगी साबित होगी और समाज के हर वर्ग के विकास के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है।

वृक्षारोपण महाअभियान में व्यापारी संघ, अधिवक्ता संघ, बोल बम समिति, स्वामी विवेकानंद एकेडमी, निजी स्कूल संघ, प्रभात फेरी समूह, कारपेंटर संघ, राजमिस्त्री संघ, होटल व्यापारी संघ, नवजीवन रक्तदान समिति, लायंस क्लब, यूथ क्लब, स्वच्छता दीदियां, सब्जी विक्रेता संघ, ठेकेदार संघ और विभिन्न सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस अवसर पर ईश्वरी साहू, राम कुमार भट्ट, वीरेन्द्र साहू, नितेश अग्रवाल, चन्द्र प्रकाश चंद्रवंशी, कैलाश चंद्रवंशी, सियाराम साहू, मोतीराम चंद्रवंशी, विदेशी राम धुर्वे, लोकचंद साहू, गोपाल वर्मा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।